Showing posts with label मुक्त बाजार. Show all posts
Showing posts with label मुक्त बाजार. Show all posts

Saturday, February 11, 2017

प्यार में बाजार

चारों तरफ प्रेम का परनाला बह रह रहा हैं---सोशल मीडिया में, रेडियो-टेलीविजन में, अखबारों में. युवाओं को फ़िल्मी गानों के माध्यम से प्रेम करने के लिए उकसाया जा रहा है, जिससे कहीं वे इस पचड़े में पड़े बिना ही 14 फरवरी न निकाल दें.
इस सबका वास्तव में वाजिब असर भी हुआ है, और इतना हुआ है कि वे अब जाग गए हैं और लगता है कि प्रेम करके ही मानेंगे और वह भी पूरे विधिविधान से. जो नौजवान अभी भी इस हल्ले में नहीं आ पा रहे हैं वे दूसरी तरफ जाकर “सस्कृति” नामक भैंस दुहने में लग गए हैं. वे इस बात से भी रुष्ट हैं कि बाजार उनके प्रतीकों जैसे लाठी, त्रिशूल और परदे को वैलेंटाइन वीक के आयोजनों में सही जगह नहीं देता. इसलिए वे प्रेमियों के साथ वही सुलूक करने में लग जाते हैं जो आज के लगभग १८०० साल पहले सेंट वैलेंटाइन के साथ तत्कालीन रोमन सम्राट ने किया था--यानी पिटाई.
बाजार की मार्फ़त ही पता चला है कि प्रेम करना और उसे जाहिर करना खासा खर्चे वाला काम है और यह सात दिन में स्टेप-बाई-स्टेप ही किया जा सकता है. गुलाब, चॉकलेट, टेडी और अन्य उपहारों के जोर से आप प्रस्ताव को गौर करने लायक बनाते हैं और फिर स्वीकृत हो जाने पर ‘हग’ या ‘किस’ करते हैं तब कहीं जाकर मामला जमता है, और प्रेम, जो अब तक शायद कहीं अटका हुआ था, अचानक हो बैठता है और बात आगे बढती है. अगर ये सब आपकी हैसियत के बाहर बैठता है तो आप और चाहे जो कर सकते हों, प्रेम तो बिलकुल नहीं कर सकते.
मगर इतना कर सकने की हैसियत के साथ आप चाहें तो “मेरी जां, जाने जिगर, इकरार, बेकरार, प्यार, यार, दिलदार, बहार, चन्ना जैसे बीस तीस शब्द जो बार-बार अलग अलग फ़िल्मी गानों में आकर आपको बचपन से परेशान करते रहे हैं उनको आपस में लपेट कर, कुछ कविता या शायरी टाइप के एक नये टॉप-अप वाउचर से अपने प्रेम की रिचार्ज वैल्यू बढ़ा सकते हैं.
यकीन न हो तो अपने यार/दिलदार से प्यार और पैसा में से किसी एक को चुनने को कहिये तो वह निश्चित रूप से आपको ही छोड़ देगा/देगी क्योंकि प्यार और पैसा आपस में कुछ इस तरह गुत्थम गुत्था हैं कि समझ में नहीं आता कि भला उनमें कुश्ती हो रही है या प्यार. हालाँकि दोनों में ख़ास फर्क भी नहीं है.
और ऐसा क्यों न हो? आखिर इसी काम के लिए और इसी मौसम में, अमेरिका में २० अरब डॉलर और इंग्लॅण्ड में डेढ़ अरब पौंड और इससे कुछ ही कम फ़्रांस में प्रेमी जन हर साल फरवरी में खर्च करते हैं तो हम क्यों पीछे रह जाएँ ?
वैसे बड़े धीरज का काम है कि अगर आप को प्यार हो जाए और आप उसके इजहार के लिए फरवरी का इंतज़ार करें... कम से कम ये मुझ जैसे नकारा आदमी के बस की बात तो नहीं.

Friday, January 27, 2017

मुक्त बाजार से मुक्ति--3: उनका पिरामिड उलट दीजिये

दुनिया भर के समाजशास्त्रीय और अर्थशास्त्रीय सिद्धांतों को धूल चटा जाईये और सिर्फ यह सोचिये कि आप अपने लिए कैसी जिंदगी चाहते हैं और अपने लिए कैसी दुनिया ? करेंसी और बैंकिंग के जिस स्कैम ने आज हमें और आपको घेर रखा है और हमारी जिंदगियों को सुविधा पूर्ण बनाने के नाम पर वह हमारी साँसों तक को जिस तरह डिक्टेट कर रहा है, क्या वह आपको पसंद आ रहा है ? क्या आप स्वतंत्र हैं ? अपनी मर्जी की जी पा रहे हैं या फिर दिन रात मेहनत करके, बदले में मिली करेंसी से अपनी जरूरत और विलासिता के लिए चीजें जुटाने वाली एक मशीन बन चुके हैं ? असलियत यह है कि आप और हम उनके बनाये हुए सिस्टम में फिट होकर उत्पादन और उपभोग के चक्करदार क्रम में निरंतर घिसते हुए पुर्जे से ज्यादा हैसियत नहीं रखते !
मनोवैज्ञानिक अब्राहम मैसलो ने मनुष्य की जरूरतों का एक पिरामिड बनाया और हमें बताया कि पिरामिड में नीचे से शुरू करके ऊपर की ओर जाते हुए एक एक करके मनुष्य की जरूरतें पूरी होंने पर ही मनुष्य पूर्णता को प्राप्त होता है और उसे उच्च मानवीय मूल्यों के दर्शन होते हैं. चित्र में दिए पिरामिड को ध्यान से देखिये आप खुद-ब-खुद समझ जायेंगे. मोटे तौर पर मैस्लोवेँयन पिरामिड ऑफ़ नीड्स के अनुसार यदि आपकी शारीरिक जरूरतें जैसे--सांस, भोजन, सेक्स और सुरक्षा--नहीं पूरी हुयी हैं तो आप जीवन में उच्च्चतर मूल्यों जैसे प्यार, आत्मसम्मान, ज्ञान और स्वतंत्रता की सोच भी नहीं सकते !
अब जरा सोचिये अगर ऐसा ही होता तो अभाव और गरीबी में जीने वाला कोई भी कभी किसी उच्चतर अनुभव को प्राप्त ही नहीं हो सकता था. कबीर और रैदास तो होते ही नहीं, भारत ही क्या दुनिया के हर कोने से भयंकर गरीबी और संघर्ष झेलकर और उसी में पलकर, सैकड़ों साहित्यिक, अध्यात्मिक, वैज्ञानिक और खेल जगत की प्रतिभाओं ने जन्म लिया और उभरीं ही नहीं बल्कि अपनी अपनी जगह से अब्राहम मैसलो के इस सिद्धान्त को मुंह चिढा रही हैं....
लेकिन आज भी अमेरिका के पांच-पांच विश्वविद्यालयों में दंड पेल चुके मनोविज्ञान के इस प्रकांड पट्ठे की “Maslow's hierarchy of needs” बाकायदा दुनिया भर में रेफर की जाती है और छात्रों को पढाई जाती है.
अब यह ब्लॉग पोस्ट जिस बात से शुरू हुयी थी उसे इस सिद्धांत में मिलाते हुए इसकी बखिया उधेड़ेंगे और जरा समझेंगे कि इसे कैसे वे लोग अपने हक़ में इस्तेमाल करते हैं और फिर इसी को पकड़ कर हम दूसरे सिरे से कैसे अपने हक़ में इस्तेमाल कर सकते हैं ........वापस पाने के लिए अपना जीवन, अपनी स्वतंत्रता और ख़ुशी .......
-----------------------------
अब्राहम मैसलो का पिरामिड एक सिद्धांत हो या हायीपोथेसिस-- इसको कोई भी नाम दे लीजिये सिर्फ एक रेफेरेंस पॉइंट है, जिससे हम चीजों को समझना शुरू करते हैं और हमारे बाजारू शोषक हमें समझाना. कल की पोस्ट के कमेन्ट में सरफराज अनवर ने मैस्लोवियन पिरामिड को चुनौती देने वाले कबीर, रैदास आदि की सफलता को समझने के लिए, black swan phenomenon को समझने की सलाह दी.
दरअसल black swan phenomenon भी एक तरह का पोंगा सिद्धांत है जिसे स्टॉक ट्रेडर नसीम निकोलस तालिब ने 2008 की अमरीकन तबाही और उसके पीछे अमरीकी फाइनेंसियल सर्विस कंपनियों की धोखेबाजी को छिपाने के लिए गढ़ा. निकोलस ने रोबोटिक ट्रेडिंग के लिए कम्प्यूटर मॉडल बनाने में जिंदगी भर लगे रहे फिर भी न तो जिम्बावे के हाइपर इन्फ्लेशन और न ही 2008 के अमरीकी मेल्ट डाउन को ही समझ पाए थे इसलिए उन्होंने ये नयी थ्योरी पकड़ा दी. इसके अनुसार “black swan is an event or occurrence that deviates beyond what is normally expected of a situation and is extremely difficult to predict.” जब कि कोई भी घटना बिना कारण नहीं होती और न ही नियम का अपवाद होती है, उसके बीज सदा पिछली परिस्थितियों में छिपे होते हैं जिन्हें देखने समझने के लिए कम्प्यूटर की मशीनी इंटेलिजेंस नहीं मानवीय समझ की जरूरत पड़ती है.
फिलहाल मेरा मानना है कि सभी बेईमान और ईमानदार विद्वानों के सारे सिद्धांत जीवन से ही प्रतिपादित होते हैं और जीवन उनके आधार पर नहीं चलता. मनुष्य लगातार स्थापित सत्य को चनौती देता रहता है और नए सत्य की रचना करता रहता है.
अब मस्लोवियन पिरामिड को उलटने की बात करते हैं और उस प्रश्न से अपनी बात शुरू करते हैं जो कल की पोस्ट के आरम्भ में की गयी थी.
आप कैसा जीवन चाहते हैं और वैसा जीवन जीते हुए कैसी दुनिया आने वाली पीढ़ी के लिए छोड़ कर जाना चाहते हैं? कहीं आप अपनी आनंद और संतुष्टि की खोज में जीवन के मूलभूत अधारों को ही तो नहीं नष्ट कर रहे? पृथ्वी नामक ग्रह और उसके संसाधनों का, जिनका उपयोग करते हुए आप बन्दर से आदमी बन गए अभी भी बंदरों की तरह ही क्यों उपयोग कर रहे हैं? यह समय है टटोलने का कि कहीं एक अदद पूँछ अभी भी तो आपके पीछे नहीं चिपकी रह गयी, जो आपको हर चीज की अंधी नक़ल करने के लिए उकसा रही है ?
मैस्लोवेयन पिरामिड को उलटी तरफ से लागू करना शुरू कीजिये, सभ्यता का व्याकरण बदल जायेगा और जीवन का भी, हाँ लेकिन उसके पहले अपने पीछे चिपकी हुयी पूंछ हटानी होगी. अगली पोस्ट तक सोचिये कि कैसे हटायेंगे?
कबीर रैदास और दुनिया के हजारो साधारण लोग जो जीवन में ऊच्च्तर अनुभवों को जीते आये हैं उन्होंने ऐसा ही किया है और आज भी करते हैं.
----------------------------
अगर जीवन का एकमात्र उद्देश्य मैटेरिअल कम्फर्ट यानि सुविधा भोग ही करना है तो आज औसतन पचास-साठ हजार महीना कमाने वाले जितनी सुविधा भोग पा रहे हैं, उतनी दो सौ साल पहले इंग्लॅण्ड के राजपरिवार को भी नसीब नहीं थी. जरा सोचिये कि तमाम भौतिक सुखों से लैस होने के बावजूद भी दुःख और खालीपन का रोना क्यों रोते हैं लोग? क्या जीवन स्तर (quality of life=the standard of health, comfort, and happiness) सिर्फ वस्तुओं और उपभोग से निर्धारित होता है? अगर ऐसा होता तो वातानुकूलित कमरे में नरम गद्दे पर लेटे हुए मनुष्य सर्वाधिक उल्लास का अनुभव कर सकता. लेकिन ऐसा होता नहीं है, तो जाहिर है कुछ अन्य तत्त्व भी हैं जो हमारे जीवन की सार्थकता और ख़ुशी के वाहक हैं.
जीवन में सार्थकता और ख़ुशी का अनुभव करवाने वाले तत्त्व हर व्यक्ति के लिए नितांत निजी और अलग-अलग होते हैं जो उस व्यक्ति के अपने जीवन की विकास यात्रा के हिसाब से स्वतः निर्धारित होते चलते हैं. आपने अपना जीवन किस मानसिक और भौतिक मुकाम से शुरू हुआ और आप उसे किधर लेकर चल रहे हैं, आपको होने वाले अच्छे बुरे अनुभव इसी पर निर्भर करेंगे.
सुख और दुःख का अनुभव जीवन में एकंतारिक है (एक के बाद ही दूसरे का आना) और अनिवार्य भी; ( अन्यथा एक के बिना दूसरे की पहचान भी कैसे होगी?) जो अपनी इस चक्रीय व्यवस्था से जीवन को समृद्ध निरंतर समृद्ध करता चलता है. अपने प्राकृतिक और सामाजिक परिवेश में स्वतंत्र, स्वस्थ्य, सौहार्दपूर्ण साहचर्य के साथ यह समृद्धि पाना और उसे बांटना ही जीवन का पूर्णकाम होना है.
स्वतंत्रता भी एक सापेक्ष स्थिति है. किसी व्यक्ति, कुनबे, कबीले या राज्य की स्वतंत्रता तभी तक कायम रह सकती है जब तक कि वह किसी दूसरे व्यक्ति, कुनबे, कबीले या राज्य की स्वतंत्रता में हस्तक्षेप न करे. इसलिए अपनी स्वतंत्रता बनाये रखने के लिए दूसरे की स्वतन्त्रता को बनाये और बचाए रखना भी उतना ही जरूरी है. प्रकृति से प्राप्त जीवन के साथ प्रकृति का सामंजस्य बनाये रखने की हमारी जिम्मेदारी भी इसी श्रेणी में आती है.
प्रकृति की स्वतंत्रता में जितना हस्तक्षेप मनुष्य करेगा, प्रकृति भी उसकी स्वतन्त्रता में उतना ही हस्तक्षेप करेगी और यह लड़ाई मनुष्य जीत नहीं सकता क्योंकि वह रचनाकार (creator) नहीं है मात्र अनुगामी है. ध्यान दीजिये हमारा हर आविष्कार आज भी किसी न किसी प्राकृतिक रचना से ही प्रेरित है और निरंतर विकसित होते विज्ञान ने अब तक सिर्फ प्राकृतिक घटनाओं को समझने का ही काम किया है; किसी नयी परिघटना को जन्म नहीं दिया.
इस संक्षिप्त और प्रवचन जैसे लगने वाले वक्तव्य को हजम करने के बाद ज़रा वर्तमान की ओर लौटिये और प्रकृति का ही एक उदहारण देखिये--
मधुमक्खी जिस फूल से रस लेती है उस फूल को कोई नुक्सान नहीं पहुंचाती, उलटे फूलों के पराग की वाहक बनती है जिससे उस पौधे की संतति बढती है. वापस वह शहद बनाती है लेकिन अपनी निजी आवश्यकता से बहुत ज्यादा, इतना कि वह मनुष्य के लिए भी उपलब्ध होता है. संक्षेप में जितना वह प्रकृति से लेती है उससे अधिक देती है और साथ में प्रकृति का काम भी करती है. मनुष्य को मधुमक्खी से कुछ सीखना चाहिए.
तो वापस मैस्लोवेयन पिरामिड की तरफ आईये, उसे पकड़ कर उलट दीजिये और उस पर मधुमक्खी की तरह बैठ कर अपना छत्ता बुनिए, आपका जीवन अधिक ठंडा, मीठा और सुखदायी होगा.
हाँ लेकिन आज के समय में, इसके साथ ही आपको अपने चारों तरफ अपनी स्वतंत्रता के विरुद्ध चल रही साजिशों से सावधान रहना होगा, उसका प्रतिरोध भी करना होगा और जाहिर है इसमें कुछ collateral damage तो होगा ही.
अब इसके बाद विरोध की शैली और उसकी राजनीति की बात करेंगे नयी श्रंखला में

Friday, January 13, 2017

मुक्त बाजार से मुक्ति-2: ठेंगा दिखाइए

पिछले साल के आखिरी दिन मैंने कहा था कि आपके जीवन के हर पहलू का शोषण कर रही इस छल-कपट और ढोंग पर आधारित अर्थव्यवस्था का सामाधान सीधा है पर आसान नहीं है. अब एक-एक करके उन उपायों पर गौर करते हैं जो हम अपनी तौर पर अपना सकते हैं.
आसान नहीं है अपने चारों ओर लहलहाती लालच की खेती से आँखें मूँद लेना और जीवन में सहजता ले आना, जबकि व्यक्तिगत स्तर पर सबसे प्रभावी यही उपाय है जिसका दायरा बढाकर सामूहिक किया जा सकता है. आर्थिकी की सही समझ को प्रसारित करना होगा और अधिक से अधिक लोगों को इसके दायरे में लाना होगा. उन्हें यह बताना होगा कि मुद्रा धन नहीं है बल्कि धन को लूटने का साम्राज्य के विस्तार का हथियार है. हमारे जंगल, जल और खनिज स्रोत, उपजाया गया अन्न और सामान्य जीवन यापन के अन्य उपादान ही धन हैं, जिन पर कब्जे के लिए कर्पोरेट्स लगातार कोशिश कर रहे हैं और चंदाखोर सरकारों के माध्यम से कामयाब भी हो रहे हैं. अपनी जीवन शैली में अधिकतम बदलाव लाईये और इन्हें बाकायदा ठेंगा दिखाईये.
लालच पर लगाम लगते और उपभोग कम होने के साथ ही खर्च पर काबू हो जायेगा. जब अधिक से अधिक लोग ऐसा करेंगे तो अर्थव्यवस्था का तेजी से घूमता पहिया धीमा होगा. जाहिर है इसके बाद सरकार और पूंजीपतियों/व्यापारियों की तरफ से अपने माल को खपाने की कोशिशें भी तेज होंगी लेकिन यही मोर्चा है और इस मोर्चे पर सामान्य जन उन्हें मात्र संयम और समझदारी से हरा सकते हैं. जब संयम ऊपर से आरोपित नहीं बल्कि सही समझ से पैदा होता है तभी वह मजबूत होता है. 
यह पहला कदम है, किसी भी प्रकार के मुखर विरोध से पहले का कदम, अन्यथा वे आपके विरोध के प्रयासों को भी अपनी वित्त पोषित NGOs के द्वारा प्रायोजित करके कब्जिया लेंगे और आप देखते रह जायेंगे, जैसा आज तक होता आया है.
इस पहले कदम के परिपक्व होने के बाद ही वास्ताविक विरोध की शुरुआत की जा सकती है.  विरोध के तौर-तरीके क्या हों इस पर गौर करने के पहले ठेंगा क्यों दिखाया जाए इस पर  विस्तार करते हैं ..
ठेंगा दिखाने का कारण -1
------------------------------
फ़िएट मनी (यानि जिस मुद्रा को छापने के लिए उसके बराबर सोना आरक्षित रखना जरूरी न हो, आज पूरे संसार में फ़िएट मनी ही चलन में है) की सप्लाई, देश के कृषि और औद्योगिक उत्पादन के मुकबले में, सिस्टम में जितनी ज्यादा बढ़ेगी उसी अनुपात में मुद्रा स्फीति भी बढ़ेगी. इस पर सरकारें, बैंक और व्यापारी चाहते हैं कि आप उपभोग बढाएं, बचत की बजाय खर्च अधिक करें, बेशक कर्ज लेकर करें. अंधाधुंध प्रचार से बदले सामाजिक बोध के चलते कर्ज लेना अब कोई प्रतिष्ठा गवाने वाला काम नहीं रहा. EMI की जिन्दगी हमें आसान लगने लगी है. हमारे जीवन में वह चीजें काफी पहले आने लगी हैं जिन्हें हम पूरी जिंदगी की बचत के बाद ही शायद खरीद पाते. इसको सब लोग प्रगति कहते हैं.
अब जरा सोचिये, मुनाफा और व्याज जो हमारी मान्यता में आज सबसे जायज तत्त्व है, मुद्रा की चाल के साथ मिल कर कैसे खेल करता है और उसका अंतिम परिणाम क्या होता है. क्या हो सकता है. यहाँ पर घुड़सवार की कहानी फिर याद कीजिये.
आपने बैंक से कर्ज लेकर कार खरीदी, कार आपकी जरूरत थी या विलासिता या लालच---ये आप तय करें, लेकिन आपने कार खरीदी और इस्तेमाल करके खुश हैं. बैंक अपना ब्याज पाकर खुश है. कार बनाने वाली कंपनी भी अपना मुनाफा पाकर खुश है, फिर परेशानी किसको है? लेकिन परेशानी तो है और दिनों दिन बढ़ रही है.
ध्यान दीजिये आपने जो लिया उससे ज्यादा दिया, जिसकी वजह से बैंक और व्यापारी का मुद्रा भण्डार बढ़ा और उनके पास और चीजें खरीद सकने या कर्ज दे सकने की क्षमता आई. आपने जो दिया वह एक मूल्यहीन और आभासी वस्तु थी जिसे आपने किसी के श्रम कर के प्राप्त किया था लेकिन आपको जो मिला वह आभासी वस्तु नहीं है. वह जिन चीजों से बना है वे धरती से आयी हैं, लोहा, रबर, ताम्बा, एल्युमीनियम सभी कुछ.
अंधाधुंध उत्पादन और खपत बढ़ने से (क्योंकि सब कुछ बढाते जाना ही हमारा लक्ष्य है क्योंकि वही हमारे लिए प्रगति है), और फियट करेंसी के बदले सब कुछ उपलब्ध होने से प्राकृतिक सम्पदा से धरती दिन रात खाली होती जा रही है, जल संसाधन सूखते और दूषित होते जा रहे हैं, हरियाली कम हो रही है, ठीक हवा तक उपलब्ध नहीं है.
ऊपर से सरकारों और व्यापारियों का गठजोड़ आपको अधिक से अधिक खर्च के लिए उकसा रहा है, सस्ते कर्ज देने की बात कर रहा है. इसलिए आपकी अर्जित आभासी, मूल्यहीन मुद्रा हो या बस्तुएं उन दोनों की खपत सीमित कीजिये, नहीं तो बैंक और व्यापारी (सरकारों का नाम इसलिए नहीं लिए क्योंकि सरकारें आपकी नहीं उन्ही की हैं) मिलकर धरती की सारी प्राकृतिक सम्पदा लूट कर आखिर में आपको भी नंगा ही कर देंगे.
इसलिए अब ठेंगा दिखाने के अलावा और कोई विकल्प नहीं है.

ठेंगा दिखाने का कारण -2
------------------------------

वे कहते हैं --”हमारे लिए काम करो, बदले में हमसे कागजी या डिजिटल मुद्रा लो, हमारी ही बातें सुनो, जो हम समझायें वही समझो, जो हम कहें वही तुम्हारे लिए अच्छा है, क्योंकि हमारे एक्सपर्ट, हमारे फ़िल्मी हीरो, हमारे खिलाडी हीरो, और हमारे बाबा, हमारे ज्योतिषी तुम्हारी जिंदगियों के बारे में तुमसे ज्यादा जानते हैं. हजारो सालों से संचित पारंपरिक ज्ञान कुछ नहीं है, तुम्हारे बुजुर्ग कुएं के मेढक थे, तुम दुनिया के समंदर की मछली बन जाओ, आओ हमसे मिलो हम बड़ी मछलियाँ हैं तुम्हारी हिफाजत हम करेंगीं. इसलिए जो हम बनाएं वो उसी हमारी दी हुयी मुद्रा से खरीदो. जरा जल्दी-जल्दी खरीदो. स्पीड बहुत जरुरी है, सुस्ती ठीक नहीं काम में सुस्ती, खर्च में सुस्ती, दौड़ते रहो तुम्हे आगे जाना है, यह मत पूछो किससे आगे, आगे जाओगे तो पता चल जायेगा.
है न मजेदार बात? गोल-गोल दुनिया में सीधी चाल से दौड़ते रहो !
वे फेंकते रहे तुम लपेटते रहो.
वे अपनी कागजी मुद्रा में (जिसकी कुल औकात एक पोस्ट डेटेड चेक जैसी है जो कभी बैंक में भुनाया नहीं जायेगा) स्पीड चाहते हैं. वे अपनी डिजिटल मुद्रा में भी स्पीड चाहते हैं. जिससे तेजी से आवाजाही में वह फिन्टती रहे और मलाई उतर कर उनके पास जाती रहे.
तेजी से मुद्रा फेंटने के चक्कर में आप अपनी जिंदगी नहीं जी पा रहे हैं. आपके बीच से मनुष्यता का पानी सूखता जा रहा है. फर्जी मूल्य हमारे बीच में प्रतिष्ठित हो रहे हैं. समाज में प्रेम और सहयोग के बदले स्पर्धा को महत्त्वपूर्ण स्थान मिल रहा है. एक दूसरे को काट कर अपने को श्रेष्ठ साबित करने की होड़ है.
कोई यह नहीं बताता, कोई यह नहीं समझता कि पिरामिड के शीर्ष पर जो नहीं पहुंचे (और बहुत लोग नहीं ही पहुचेंगे क्योंकि यह संभव भी नहीं है) उनको भी जीने का उतना ही अधिकार है. एक फालतू से संघर्ष में जूझते हुए हम यह अपनी नहीं किसी और की लडाई लड़ रहे है. इसमें हमारे साथ ही हमारा विरोधी भी हारेगा और जीतेगा कोई और! बड़ी महिमा इस बात की भी गई जाती है कि जीवन संघर्ष है.
खुशहाल जिंदगी को संभव बनाने वाले साधन छिनते जा रहे हैं, समय भी छिनता जा रहा है हमारे पास एक दूसरे के लिए समय नहीं बचा तो समाज कैसे बचेगा? कलाएं और संस्कृतियाँ और भाषाएँ कहाँ बचेंगी ? जीवन में विविधता कहाँ बचेगी? रंग कहाँ बचेंगे?
याद पड़ता है कि पिछली बार कब आप फुर्सत में अपने आत्मीय संबन्धों में उतर पाए? जीवन को महसूस कर पाए?
इसलिए भी उन्हें अब ठेंगा दिखाने की सख्त जरूरत है !

Friday, December 30, 2016

मुक्त बाजार से मुक्ति-1

मुझसे अक्सर लोग पूछते हैं कि आखिर हमें निरंतर गुलामी की ओर ले जा रही इस अर्थव्यवस्था का समाधान क्या है?
जवाब सीधा है लेकिन आसान नहीं है.
जब पूरे विश्व में धनिक वर्ग सरकारों पर हावी हो और उसी के चंदे से लोकतंत्र में चुनाव होते हों तो आप कैसे परिवर्तन की उम्मीद कर सकते हैं? कोई भी राजनितिक दल आये या जाए इससे सरकार की मूल नीतियों में कहीं कोई फर्क नहीं पड़ने वाला--- वे सदैव व्यापारी वर्ग के ही पक्ष में रहेंगी और उनका औचित्य यह कह कर ठहराया जाता रहेगा कि उद्योग व्यापार बढेगा तो नौकरिया बढेंगी और आपको रोजगार मिलेगा. चाहे इस चक्र में सीमित धरती के लगातार घटते जा रहे प्राकृतिक संसाधनो का कितना भी निर्दयी दोहन हो और लोगों की आजादी किसी भी हद तक गिरवी होती जाए.
वर्तमान व्यवस्था लोकतंत्र और आजादी का स्वांग भरने वाली, अधिकारों के सम्पूर्ण केन्द्रीकरण के लिए काम कर रही व्यवस्था है, और मजे की बात यह है कि इसका विरोध कर रहे संगठन भी केंद्रीकृत संरचना वाले हैं.
ऐसे में विरोध का व्याकरण ही बदलना होगा, छोटे-छोटे स्वायत्त, आत्मनिर्भर और स्थानीय संगठन ही कुछ कर सकते हैं. जितनी ज्यादा ऐसे संगठनों की तदाद बढेगी विरोध कारगर और मजबूत होगा.
ग्लोबलायिजेशन का प्रत्युत्तर लोकलाइजेशन ही है, समृद्धि और खुशहाली का वही वायस बनेगा.
या तो इस ओर प्रयास किये जायें या फिर इंतज़ार किया जाये कि तीव्रतर होता जा रहा मुद्रा-प्रवाह और चुकते जा रहे प्राकृतिक संसाधनों का यह चक्र अपने फूलने, फैलने और फटने के क्रम में, अगले तीस चालीस सालों में कभी अंतिम बार फटे और फिर इसे फुलाने के लिए न सरकार के पास पैसा हो और न धरती के पास संसाधन---जिससे ये खुद अपनी मौत मर जाए.
जैसे कभी रोमन सभ्यता का अंत हुआ था. वैसे रोमन सभ्यता के अंत के समय जो लक्षण प्रकट हुए थे, वे सभी आज प्रचुर मात्र में दिख भी रहे हैं .
-------------------------------------------------------------
यहाँ से हम “मुक्त बाजार से मुक्ति” श्रृंखला शुरु कर रहे हैं, इसे केवल पूर्वपीठिका समझें !

Thursday, December 29, 2016

मुक्तबाजार: गुलामी का रंगीन फंदा- 6

हमारा सानेहा ये है, कि हर दौर-ए-हुकूमत में.
शिकारी के लिए जंगल में, हम हांका लगते हैं.
मुनव्वर राना का यह शेर हर जमाने के उन बुद्धिजीवियों पर एकदम फिट बैठता है जो मिल्टन फ्रीडमैन या फ्रेडेरिक वोन हायक की फितरत के हुए हैं. ये शिक्षण संस्थानों में या तो ख़ास और प्रभावशाली जगहों पर बैठे होते हैं या फिर सत्ता के खिलाडियों द्वारा तैयार करके बिठाए जाते है, हांका लगाने के लिए.
वाजिब टैलेंट के अभाव में ये या तो पुराने प्रचलित अप्रचलित सिद्धांतों का काकटेल तैयार करते हैं या फिर बाजार के चलन को बढाने वाले पोंगा सिद्धांत गढ़ते है, जिसके धुंआधार प्रचार-प्रसार का जिम्मा स्वयं अपने कल्याण के लिए बाजार ही उठा लेता है.
१८४० के आसपास कीर्कगार्द द्वारा तैयार मिटटी से अस्तित्ववाद की पौध का विकास हुआ जिसे नीत्शे और दोस्तोवस्की के बाद सार्त्र ने सींचा. सामुदायिक हितो और जीवन से अधिक व्यक्तिगत स्वतंत्रता की बात को प्रतिष्ठा देने वाले इस दर्शन के विकास की टाइम लाइन देखिये, ये ठीक ठीक करेंसी आधारित पूँजीवाद के विकास और उसके राजनितिक तंत्र पर कब्जे की टाइम लाइन के साथ फिट बैठती है.
सार्त्र के पहले ही सिसिल रोड्स ब्रिटिश राजघराने के साथ मिलकर अफ्रीका को जमकर लूट चुका था और राजनैतिको पर धनिकों के आधिपत्य का चार्टर तैयार कर चुका था. मरने के पहले उसने अपनी विस्तृत वसीयत में ऑक्सफ़ोर्ड यूनिवर्सिटी की रोड्स स्कालरशिप के अलावा एक गुप्त अनाम संगठन बनाने का भी प्रस्ताव दिया था और उसके लिए धन की भी व्यवस्था की थी जिससे विश्व के सभी मुख्या धनिक एक मंच पर आकर इसके लिए प्रभावकारी अभियान छेड़ सकें. बाद में यह संभव भी हुआ और इसी संगठन ने अमरीकी संसद में फ़ेडरल बीसंवी शताब्दी की ऐन शरुआत में फ़ेडरल रिज़र्व बिल पास करवाने में सफलता हासिल की.
फ़ेडरल रिजर्व ही वह बैंको का वह संगठन है जिसके चलते आगे आने वाली अमरीकी सरकारों को वुत्तीय संस्थानों, खासकर बैंको का कर्जदार बनाया जा सका और घाटे के बजट बनने लगे.
अस्तित्ववाद और इस आर्थिक साजिश का अंतर्संबंध चाहे बहुतों के गले न उतरे, लेकिन आर्थिक शक्तियों और बाजार का मुख्य प्रयास हमारी सामुदायिकता को भंग करना और मनुष्य को व्यक्तिवादी बनाना होता है. कारण यह कि सामुदायिकता बाजारू उत्पादों का समाज में स्वच्छंद प्रवेश बाधित करती है. बचत और किफ़ायत के बदले उपभोग बढाने के प्रयास को ऐसे सामाजिक दर्शन और उसपर आधारित साहित्य से अपेक्षित बल मिलता है इसलिए बाजार की शक्तियां ऐसे सिद्धांतों का पोषण भी खूब करती हैं. इनके ही स्कॉलर सभी महत्वपूर्ण पदों पर बैठाये जाते हैं जो आने वाली पीढ़ी के बौद्धिक विकास की दिशा तय करते हैं और इस प्रकार मिलने वाले आकर्षक पारिश्रमिक के बदले शिकारियों की हुकूमत के लिए हांका लगाने का काम करते हैं.
पारंपरिक ज्ञान को नष्ट करना उसे अप्रासंगिक बताना इनका लक्ष्य होता है और बदले में ये जो मॉडल प्रस्तुत करते हैं वह बड़े कर्पोरेटस का हित साधन ही करता है. मिल्टन फ्रीडमैन ने तो वेबलेन की “थ्योरी ऑफ़ लेजर क्लास” और जेरिंग के फैशन की दुनिया के “डिफ्युजन सिद्धांत” से एडम स्मिथ की “वेल्थ ऑफ़ नेशंस” को फ्राई करके जो डिश परोसी उसे खाकर मुट्ठी भर लोग मतवाले हो गए, जब कि बाकी दुनिया का पेट आज तक ख़राब है. सरकारों के साथ साजिश करके पारंपरिक ज्ञान को गलत बता कर कैसे नष्ट किया जाता है इसे जाना हो तो दो डिम पहले पोस्ट किया गया अनुपम मिश्र के विडियो से बढ़िया दूसरा उदाहारण नहीं मिलेगा.
तो इस तरह हांका लगाने वाली जमात और उसके आका मजे करते है, और नाच गाकर समाज को तोड़ने के लिए बौद्धिक, मनोरंजक और हिंसात्मक कार्यवाहियां करते रहते हैं.
टूटा हुआ देश समुदाय, परिवार और उससे मनके की तरह अलग हुआ आदमी बाजार का सबसे आसान शिकार होता है !



Thursday, December 22, 2016

मुक्तबाजार: गुलामी का रंगीन फंदा- 5

बाजार और उद्योग पूरक हैं एक दूसरे के.
उद्योग में उत्पादन होता है और बाजार में विनिमय.
उद्योग के लिए बाजार जरूरी है, और बाजार के लिए उद्योग; लेकिन मुक्त बाजार ने खुद को उद्योग से भी मुक्त कर लिया और विनिमय की क्रिया वस्तुओं और मुद्रा के बीच होने की बजाय मुद्रा और मुद्रा के बीच होने लगी.
और मुद्रा भी वह जिसका कोई आतंरिक मूल्य नहीं !! क्योंकि अब वह सिल्वर या गोल्ड स्टैण्डर्ड पर नहीं बल्कि केन्द्रीय बैंक (भारत के सन्दर्भ में रिजर्व बैंक) को दी हुई प्रतिभूतियों पर छापी जा रही थी; जिससे उसकी निजी हैसियत सिर्फ एक पोस्ट डेटेड चेक की रह गयी थी. एक ऐसा पोस्ट डेटेड चेक जिसे देने के साथ या उसके बाद खाताधारक को उसके बराबर रुपये अपने खाते में रखना आवश्यक न रह ही गया हो !
1980 के दशक से उद्योग और उत्पादन अब धन पैदा करने का माध्यम न रह कर वित्तीय और कागजी पूँजी के खेल का गुलाम बन कर रह गया और मौद्रिक विनिमय की रस्साकशी पर नाचने को मजबूर हो गया. बैंक और सट्टा बाजार इस खेल के मदारी बन गए क्योंकि सबकी कागजी पूँजी उन्हीं के पास जमा थी और वे ही इसके व्यवहारिक मालिक थे.
जैसा मैंने पहले कहा था कि बैंकिंग से बड़ा घोटाला इस दुनिया में दूसरा न है और न हो सकता है. इस बात की व्याख्या बाद की किसी पोस्ट में अलग से करेंगे अभी फिलहाल इतना समझ लीजिये कि बैंक आपके जमा पैसे को दूसरों को व्याज पर, उससे कहीं अधिक मूल्य की संपत्ति गिरवी रख कर बतौर ऋण देते हैं और दी गयी राशि से अधिक वसूली करके मुनाफा कमाते और आपके जमा पैसे पर व्याज देते हैं. बस इतना सोचिये कि जो व्यवस्था देखने में इतनी सुरक्षित लगती है उसे अपनाने वाले बैंको को फिर घाटा होता ही क्यों है? जाहिर है वे आपके पैसे से कहीं आगे बढ़कर रिस्क लेते होंगे, इसी को नैतिक जोखिम (moral hazard) कहा जाता है.
अमेरिका की बात मैं बार बार इसलिए करता हूँ क्योंकि आज जो अपने देश में होने वाला है या हो रहा है वह अमेरिका में बीस साल पहले हो चुका है और हम उसी के कदमों से जब कदम मिला रहे हैं तो लाजिमी है हमारे यहाँ भी उसी की पुनरावृत्ति होगी. एक बात और नोट कर लीजिये कि पूँजी और पूंजीपति का कोई भी देश या धर्म नहीं होता, वह सिर्फ मुनाफा चाहता है और मुनाफे का ही मुरीद होता है. अगर ऐसा न होता तो अमेरिका अपने मजदूरों और कारीगरों के हाथ और मशीनों का कम छीनकर अपनी सेवा और मैन्युफैक्चरिंग को भारत, बांग्लादेश, पकिस्तान, तायवान और चीन को आउटसोर्स नहीं करता ! वह आम अमरीकी को काम देता .........लेकिन वहां की कंपनियों को सिर्फ मुनाफा प्यारा है, लोग नहीं; इसलिए जब सस्ते मजदूर दूसरी जगह मिल रहे हैं तो अपने देश के लोगों को ज्यादा मजदूरी क्यों देना ?
तो 1980 के दशक में अमेरिकी पूँजीपतियों ने रीगन सरकार पर दबाव बना कर कई तरह की छूट हासिल की. आपको पता होगा ही कि अमरीकी सरकारों में वित्तीय मामलों के सारे महत्वपूर्ण पद भूतपूर्व बैंकिंग अधिकारियों को ही दिए जाते रहे हैं जिनमे गोल्डमन शाक्स, मेरिल लिंच प्रमुख हैं. फ़ेडरल रिज़र्व का चैयरमैन, ट्रेजरी सेक्रेटरी और राष्ट्रपति का आर्थिक सलाहकार पिछले 35 सालों में यहीं से निकले लोग रहते आये है. इसके आलावा वहां भारी संख्या में वित्तीय कम्पनियों के इतने दलाल सक्रिय हैं कि गिनती की जाय तो हर सांसद के पीछे तीन-तीन दलाल निकालेंगे. अब सोचिये कि मुक्त बाजार का सारा पहाडा एक ऐसे ही स्वतंत्र और प्रजातान्त्रिक (?) वातावरण की देन है.
2008 आते-आते अमेरिका में क्या हुआ ये सभी जानते हैं. उसकी अंतर्कथा आप बाद की पोस्ट्स में पढ़ लीजियेगा, लेकिन मोटे तौर पर इतना जान लीजिये कि लाखों अमरीकी बेघर हुए, उनकी नौकरियां छिन गईं और जो बचे रह गए उनकी तनख्वाहें घटाई गयीं. लेकिन सरकार ने अपने फेल होते बैंकों और बीमा कंपनी AIG को बचाने के लिए 700 बिलियन डालर (सत्तर लाख करोड़ डालर !! सोचिये रूपये में कितना ?) अपने खजाने से दिया.
उसे देना पड़ा क्योंकि अमेरिका की अर्थव्यवस्था को सभी बैंकरों और वित्तीय संस्थानों के असीम लालच ने एक ऐसे मुहाने पर लाकर खड़ा कर दिया था कि इस “बेल आउट मनी” के लिए आनन-फानन में संसद को क़ानून में परिवर्तन भी करना पड़ा. अगर ऐसा न किया जाता तो दूसरी सुबह अधिकाँश अमरीकियों की व्यक्तिगत जमा पूँजी, जो इन बैंकों में जमा थी डूब जाती.
दरअसल वहां के बैंक अपने कुकर्मों के चलते जबरदस्त बीमार थे और मरने की कगार पर थे.
अपने यहाँ भी पिछले दिनों बैंक बीमार थे, साल भर से उन सबका डिपाजिट रेट बुरी तरह घट रहा था जो जून 2016 से अचानक और रहस्यमय ढंग से बढ़ना शुरू हो गया और सितम्बर आने तक किसी किसी का तो 6% तक बढ़ गया !
फिर हमारे प्यारे प्रधानमंत्री एक शाम को उठे और पुराने नोट बंद करने की घोषणा कर दी. हम आप सभी भारतवासी अपना सारा काला धन लेकर बैंको की तरफ भागे और उनका डिपोजिट बढाया. प्रधानमंत्री ने बैंको से हमें अपने मनमुताबिक पैसे निकाल सकने के हमारे मूल अधिकार भी ख़त्म कर दिए.... जो साफ़ तौर पर हमारे संविधान प्रदत्त मूल अधिकारों का हनन है.
ऐसा तो किसी आपातकाल में ही किया जाता है, जब युद्ध की स्थिति हो या फिर मुद्रा स्फीति बहुत अधिक बढ़ गयी हो. कौन सा आपातकाल था मैं उसका पता लगा रहा हूँ लेकिन लग नहीं रहा. आपको लगे तो जरा बताईये.

Monday, December 19, 2016

मुक्तबाजार: गुलामी का रंगीन फंदा- 4

जैसे किसी पुजारी का लौंडा जुआरी हो जाय वैसे ही मिल्टन फ्रीडमैन ने अपने गुरु एडम स्मिथ के किये धरे पर पानी फेर दिया और उनके पूँजीवाद के सिद्धांत को उलट कर सर के बल खड़ा कर दिया. जैसा मैंने कहा कि फ्रीडमैन जरा बड़ा बुद्धिजीवी था तो उसको अपने को साबित करने के लिए कुछ अलग कर दिखाना भी था, इसी चक्कर में उसने एक बड़ा घपला किया.
अनैतिक और फंदेबाज वकील जैसे किसी मामले में अपने अनुकूल क़ानून न होने पर किसी और सन्दर्भ के क़ानून को इम्पोर्ट करके अपनी दलील पेश करते हैं वैसे ही फ्रीडमैन ने ब्रिटिश न्यायविद रुडोल्फ वोन जेरिंग के ट्रिकल डाउन नामक कल्चरल डिफ्युजन के सिद्धांत को बाजार पर लागू करने की साजिश की और उसे आर्थिक सन्दर्भ में लागू करने की योजना बनायी. चूँकि यह सिध्दांत मूलतः खानपान और फैशन की दुनिया का सिध्दांत है, और १८९० में प्रतिपादित होने के पहले भी सार्वभौमिक व्यवहार में, तभी से प्रचलित था जब से समाज में परजीविता का समावेश हुआ, इसलिए इसको आर्थिक जगत में भी स्वीकार करवाने में फ्रीडमैन की गैंग को कोई ख़ास दिक्कत नहीं हुयी.
दिक्कत तो यूँ भी नहीं होनी थी क्यूंकि द्वितीय विश्वयुद्ध और उसके बाद जर्मनी को बनाने में मोटी कमाई कर चुकी अमरीकी पूंजीपतियों की टीम इसके पीछे थी और इसी चक्कर में उसने मोंट पेलेरें सोसायटी की स्थापना भी स्विट्ज़रलैंड में करवाई थी.
इस सिद्धांत के प्रचार में पानी की तरह पैसा बहाया गया. अमरीका के साथ ही पडोसी लैटिन अमरीकी देशों से वजीफे दे दे कर छात्रों को बुलाकर पढाया जाने लगा और मोटा पैसा खर्च करके अमरीकी सरकार में लोबीईंग करने के लिए चालाक लोगों को भरती किया जाने लगा, जाहिर है इसके पीछे वही लोग पैसा लगा रहे थे जिनको इसका फायदा होना था, यानी मोंट पेलेरिन सोसायटी के संरक्षक !
मोंट पेलेरिन सोसायटी प्रत्यक्षतः तो बुद्धिजीवियों का सगठन थी लेकिन उसे हर तरह से प्रत्यक्ष और अपरोक्ष फंडिंग उपलब्ध थी जिसके सहारे उससे जुड़े हुए अर्थशास्त्री ट्रिकल डाउन, अनियंत्रित उपभोग को बढाने और मुक्त बाजार के समर्थन वाले शोधपत्र प्रकाशित करते रहे और सरकारों पर दबाव और जनता में मानसिक जनमत तैयार करते रहे. विज्ञापन की दुनिया में उसी समय जमकर इन्वेस्ट किया गया और फोटोग्राफी तथा छपाई में क्षेत्र में उन्नत तकनीको के आ जाने से आकर्षक छवियाँ गढ़ कर भरमाने वाले सन्देश पोपुलर मीडिया में प्रसारित किये जाने लगे.
किसी ड्रिल मशीन के आगे टूल-बिट की तरह लगा हुआ फ्रीडमैन और पीछे से अथाह पैसे की ताक़त, समाज की चेतना में छेद तो बनना ही था, सो बनता ही चला गया. ऊपर से कोढ़ में खाज की तरह कनाडियन मनोवेज्ञानिक के प्रयोगों की मदद से जन चेतना को नष्ट करने के लिए “झटका तकनीक” का भी विकास इसी बीच संभव हो गया.
नतीजा सांकृतिक, लोकतान्त्रिक चेतना की चट्टानें नष्ट होने लगीं और नव पूँजीवाद, उपभोक्तावाद और मुक्त बाजार की पौध रोप दी गयी जो अब वटवृक्ष बन गयी है.
ट्रिकल डाउन के पोंगा सिद्धांत का राग भारत में मनमोहन सिंह और उनके सिपाही चिदंबरम, मोंटेक सिंह अहलूवालिया ने जम कर अलापा और हमें उल्लू बनाया. 1980 के आसपास से यहाँ प्रविष्ट हुए मोंट पेलेरिन के रोबोट्स ने राजनैतिक अस्थिरता और क्षेत्रीय उग्रवाद को बढ़ावा देकर भारत की आर्थिक स्थिति इतनी पेचीदा कर दी थी कि नरसिंह राव की सरकार के आते आते हमारे पास सिर्फ 15 दिन का इम्पोर्ट बिल चुकाने भर का ही विदेशी मुद्रा भण्डार बचा था, जिसकी वजह से मनमोहन और चिदंबरम के सुझाव पर आनन फानन में कर्ज लेना पड़ा और शर्तों के नाम पर हमें मुक्त बाजार को लागू करना मंजूर करना पड़ा.
आज भी मोदी सरकार भी उन्हीं शर्तों को निभाने के लिए मजबूर है और देश भक्ति का जाप करते हुए कड़े कदम के नाम पर ऐसे ही काम कर रही है जो सर्वथा जन विरोधी है और पूंजीपतियों के ही पक्ष में हैं.
उसे हर हाल में अमरीका को खुश रखना है और वह रखेगी... भारत की कसम खा खा कर अमरीका को खुश रखेगी. जहाँ तक मेरी बात है मैं तो खूब खुश हूँ क्योंकि अमरीका मेरा बड़ा भाई है और हमारे प्रिय प्रधान मंत्री उसके साथ हैं.

Sunday, December 18, 2016

मुक्तबाजार: गुलामी का रंगीन फंदा- 3

उस दिनअमेरिका ने आशीर्वाद वाली मुद्रा में मुझसे कहा था--
“प्यारे जिगर के टुकड़ों पस्त नहीं मस्त रहो, हम और हमारे बंटाईदार लगे हुए हैं तुम्हारी खिदमत में !”
फिर उसने आखिरी बात जोड़ी--
“वैसे तुम्हारी पस्ती में ही मस्ती और मस्ती में ही पस्ती है.
तुम्हारी मस्ती और पस्ती आपस मिलकर एकमेक हो गए है,
जैसे आत्मा परमात्मा में मिलती है.
सही पूछो तो जीने का मजा ही पस्त होकर मस्त होने में है !”
अमरीका के इस आखिरी वक्तव्य से मुझे सच्चे ज्ञान की बू आने लगी तो मैं अलर्ट हुआ. मुझे अपने जम्बूद्वीप के वाल्मीकि बाबू का जीवन याद आया, जो पहले तो डकैत थे और बाद में चल कर साधू हुए और उसके बाद एक मरती हुयी चिड़िया देख कर पंडित भी हो गए! खैर, मैं पिंड छुडाने की गरज से वहां से खिसक लिया.
मेरा क्या है कि मैं शुद्ध शाकाहारी कसाई हूँ जो सोमवार से शुक्रवार तक रोज अपनी दूकान पर बैठ कर झटके से भेड़ें काटता है और उन्हें हलाल मानकर हजम कर लेता है! स्टॉक ट्रेड एक ऐसी ही दुनिया है जहाँ न कुछ बनता है, न बिकता है. यह नव पूँजीवाद के दौर का हवा बेचने, हवा ही खरीदने, सीमित पूँजी के साथ असीमित लालच, उसी अनुपात की हिम्मत और डर लेकर टहल रहे लोगों की पूँजी छीन कर उन्हें दिगंबर कर देने का उपक्रम है. कुल मिलाकर भोले भाले लोगों की मानवीय कमजोरियों को माध्यम बनाकर उनका शिकार करने की बड़ी आराम दायक शिकारगाह! चूँकि अमरीका को शिकार बहुत पसंद है इसीलिए मेरा उससे भाईचारा भी बनता है, वह रिश्ते में में मेरा बड़ा भाई है.
तो मेरे इसी बड़े भाई के यहाँ एक बहुत बड़ा बुद्धिजीवी पैदा हुआ, नाम था मिल्टन फ्रीडमैन. यह शिकागो विश्वविद्यालय में अर्थशास्त्र पढाता था. जमाना था द्वितीय विश्वयुद्ध के बाद का, जब बाजार में मंदी आई थी लोगों के पास न काम था, न पैसा.
यहाँ एक बात और बता दूँ कि मंदी उस दौर को कहते है जब समाज में किसी बड़ी अस्वाभाविक घटना की वजह से अचानक या फिर किसी ख़राब व्यवस्था के चलते जनता की जेब का सारा पैसा खिंच कर कुछ इने गिने लोगों के पास कम हो जाये नतीजतन जनता के पास कुछ और खरीदने सकने की शक्ति न रह जाये. ऐसी हालत में जनता चाहे अपना काम चला भी ले लेकिन बाजार के शिकारी चिंतित हो जाते हैं, और अपने पास के पैसे को कर्ज के रूप में बांटना शुरू कर देते हैं, की भाई लो हमसे लो, दबा कर खर्च करो, बाद में दे देना.
तो मिल्टन फ्रीडमैन था बड़ा बुद्धिजीवी! बुद्धिजीवी दरअसल हमारी आप की ही तरह आहार, निद्रा, भय और मैथुन के सहारे जीने वाला एक जोड़ी टांग, हाथ, आँख, कान वाला ही इंसान होता है जिसको यह साबित करना होता है कि वह एक अजूबा है! वह कुछ ऐसा कह या कर सकता है जो हम आप नहीं कर सकते. अपने को अजूबा साबित करने के हल्ले में वह जनता के सामाजिक अनुभवों और तमाम पुराने व्यवहारिक सिद्धांतों को घोंटता-पीसता, कपडछान करता रहता है. अब चूँकि वह कोई और जीवनोपयोगी उत्पादन नहीं करता तो ऐसे में उसका खर्चा सरकार या तो फिर मोटी थैली वाला कोई शिकारी-व्यापारी उठाता है.
तो मिल्टन फ्रीडमैन बड़ा बुद्धिजीवी तो था लेकिन यह उसको उतने ही बड़े ढंग से साबित भी करना ही था! इसके लिए उसने एक समाज विज्ञान के सिद्धांत को पकड़ कर अपने पूर्ववर्ती और अर्थशास्त्री आडम स्मिथ के थैले में ठूंस दिया और कहीं सिद्धांत बाहर न आ जाए इसके लिए ऊपर से जम कर सुतली लपेट दी. उसकी इस कसरत का खर्चा शिकागो विश्वविद्यालय तो उठा ही रहा था साथ में द्वितीय विश्वयुद्ध में मोटा मुनाफा काट चुके व्यापारियों ने भी उसके लिए तगड़ी व्यवस्था की और यूरोप (आस्ट्रिया) के फ्रेडेरिक वोन हायक के साथ उसे मिलाया, एक सोसाईटी बनायी जिसका काम था आदम स्मिथ के सिद्धांतों को डबल फ्राई करके सरकारों को खिलाना! (देखिये--मोंट पेलेरिन के रोबोट्स)
दरअसल रूजवेल्ट का लोगों को भारी मात्रा में सरकारी नौकरियों पर लोगों रखना बाजार के शिकारियों को खल रहा था, क्योंकि इससे कालांतर में जाकर पब्लिक सेक्टर को मजबूत होना था, जिसको कमजोर करने का सगठित प्रयास वे पिछले तीस-चालीस साल से कर रहे थे. उन्हें फ़ेडरल रिज़र्व बिल और फ्रैक्शनल बैंकिंग के बहाने सरकार को कब्जे में लेने के लिए किये गए प्रयासों पर पानी फिरता नजर आया. इसलिए उन्होंने फ्रीडमैन को आगे करके रूजवेल्ट के प्रयास के विरुद्ध अभियान चलाया.
और फिर फ्रीडमैन ने एडम स्मिथ के क्लास्सिकल पूंजीवाद के सिद्धांतों को डबल फ्राई करके सुतली बम बनाया और रूजवेल्ट के खिलाफ दागना शुरू कर दिया ....