Showing posts with label अर्थ और हम. Show all posts
Showing posts with label अर्थ और हम. Show all posts

Sunday, March 5, 2017

बैंकिंग का उदय: दुनिया के सबसे बड़े आर्थिक घोटाले की कहानी !

सौ लुहार की, एक सुनार की 

दरअसल अर्थव्यवस्था धनबल से नहीं, ऋण बल से चलती है. ऋण ही मुद्रा के भी उद्भव, चलन और विकास का आधार है. वस्तुओं और सेवाओं के विनिमय के दौरान, किसी भी कारण से बदले में बराबर मूल्य की वस्तु न उपलब्ध करा पाने से ऋण की अवधारणा का जन्म हुआ. जाहिर है, मुद्रा के न होने पर सभी वस्तुओं और सेवाओं का बदला किन्हीं और वस्तुओं और सेवाओं से चुकाया जाता था और उनके परस्पर मूल्य, एक दूसरे के सापेक्ष, समाज में उनकी तात्कालिक आवश्यकता और उपलब्धि के आधार पर तय होते थे, सर्वमान्य होते थे, और इनका  हिसाब किताब भी याददाश्त के आधार पर जबानी तौर पर रखा जाता था.

पिछले लेख  से आपको याद होगा कि कैसे एक ऐसे ही समाज में  एक घुड़सवार ने घुसपैठ कर ली और अपनी चालबाजी से, लोगों को गुलाम और कर्जदार बनाते हुए, अपना साम्राज्य कायम कर लिया था. उसके बाद समाज में स्वतंत्र मानवीय गतिविधियों पर नियंत्रण होने लगा था, मनुष्य कम होने लगे थे, मजदूर बढ़ने लगे थे, मुद्रा के संग्रह की भी होड़ लगने लगी थी क्योंकि हर किसी को साल के अंत में,  ली हुयी मुद्रा से अधिक मुद्रा लौटानी थी. जाहिर है इसको लेकर लोगों में असुरक्षा भी पनपने लगी थी.  इसी वजह से, लेन-देन में उत्पन्न हुए  कर्ज के निपटान और सुरक्षा तथा समृद्धि पाने के लिए प्रतिस्पर्धा और लड़ाईयां भी शुरू हो चुकी थीं. मुद्रा के बदले श्रम, वस्तुओं और सुविधाओं की बिक्री के आरम्भ के साथ अर्थव्यवस्था का जन्म हो चुका था और ऋण उसकी मुख्य चालक शक्ति के रूप में अपने को जनमानस में स्थापित कर चुका था

इस तरह जब विनिमय में सुविधा के बहाने या फिर  सच कहिये तो विनिमय से उत्पन्न कर्ज को पाटने-पटाने के लिए मुद्रा का प्रयोग चल पड़ा तो तरह-तरह की मुद्रा बनने लगी. देखा देखी   अधिनायकों और शासकों द्वारा  हर उस चीज को मुद्रा की प्रयोग करने की कोशिश की गयी  जिस  पर लोगों का विश्वास जमता दिखाई देता कि  उसके बदले बाद में जीवनोपयोगी वस्तुयेन हासिल की जा सकती हैं. आखिरकार राज्य के हस्तक्षेप और सार्वजनिक सुविधा, विश्वास और सहमति से बात मूल्यवान  धातुओं जैसे सोना और चांदी पर आकर ठहर गयी.  हमारी दूसरी कहानी यहीं से शुरू होती है--एक सुनार की कहानी, कि कैसे पारंपरिक कहावत के उलट एक सुनार सौ लुहारों पर भारी पड़ा और यही नहीं बल्कि उत्पादन और विनिमय के सभी प्रचलित समीकरणों को झुठलाते हुए उनके श्रम, उत्पादन और जीवन को अपने कब्जे में कर बैठा. सुनार का यह कब्जा आज भी जमा हुआ है, उसे कोई भी विचारधारा, कोई भी आन्दोलन या क्रांति डिगा नहीं सकी और आज तो वह व्यापारों पर ही नहीं सरकारों पर भी हावी है.

000

तो हुआ यों कि उसी दुनिया में एक सुनार रहता था जो एक निश्चित नाप और शुद्धता के सोने के सिक्के ढालता था और वस्तुओं और सेवाओं को खरीदने के बदले उन्हें लोगों में चलाता था. उसके पास सोना रखने की एक बड़ी तिजोरी भी थी. अब चूँकि समाज में अधिक मुद्रा संग्रह करने की होड़ लगी ही रहती थी, नतीजतन चोरी जैसे अपराध भी होने लगे थे. इसलिए जिन्होंने भी अधिक मुद्राएं संग्रह कर ली थीं उनके सामने उन्हें सुरक्षित रखने का प्रश्न भी आ खड़ा हुआ था. ऐसे ही कुछ लोगों ने से सुनार के सामने प्रस्ताव रखा कि  वह उनकी संग्रह की हुई मुद्राएं अपने पास जमा कर ले और जब जरूरत उन्हें होगी उसे वे वापस ले जायेंगे. सुनार ने  यह सेवा देना स्वीकार किया और बदले में मामूली किराये की मांग की  जिसे लोगों ने भी स्वीकार कर लिया और यह परिपाटी चल पड़ी. धीरे-धीरे अधिक से अधिक लोग सुनार पर विश्वास करने लग गए और उसी अनुपात में  उसके पास अपनी मुद्राएं सुरक्षित रखने लग गए. वह जमा की गयी सोने की मुद्राओं के बदले उन्हें रसीदें दे देता जिसे बाद में दिखाकर वे अपना सोना वापस पा सकते थे. सुनार इस प्रकार सभ्यता का पहला बैंकर बन गया और उसकी तिजोरी सभ्यता का पहला बैंक.

कुछ दिन इस प्रकार चलता रहा और उसकी तिजोरी भरती गयी और उसी के साथ साथ वह अधिक से अधिक लोगों का विश्वास जीतता चला गया. जब यह सब चल ही रहा था उसी दौरान  सुनार ने कुछ बातें  नोट की :-
१. लोगों की जमा दर में लगातार बढ़ोत्तरी हुयी जबकि सोने की निकासी की दर लगातार घटी.   
२. कुछ लोग सोना वापस निकलने के लिए आये लेकिन सभी लोग एक साथ कभी भी निकासी के लिए नहीं आये.
जब उसने गौर किया तो पाया कि बाहर बाजार में लोग असली सोने के सिक्कों के बदले उसकी दी हुयी रसीदें ही वस्तुएं खरीदने के लिए इस्तेमाल करने लग गये थे,  और लेने वाले बेहिचक उन्हें ले भी रहे  थे क्योंकि उन्हें पता था कि जब वे चाहेंगे सुनार के पास जाकर रसीदों के बदले ये सिक्के तो उन्हें मिल ही जायेंगे. और यहीं नहीं कागज की रसीदें लाने, ले जाने और रखने में सोने के सिक्कों की अपेक्षा कम वजनी और सुविधाजनक भी थीं.

इसी बीच लोगों में कर्ज बढ़ने लगा था. यह कर्ज वस्तु या सेवाओं के विनिमय से उत्पन्न कर्ज (जिसे आज हम बिल कहते हैं) न होकर के लेन देन में निपटान में देरी की वजह से लागू ब्याज की वजह से था. ब्याज की अवधारणा अब सर्वव्यापी हो चुकी थी, और अपनी स्वतंत्रता और संपत्ति खो चुके वर्गों में कर्ज पहले आवश्यकता और बाद में फैशन भी बन गया था.

अब सुनार ने इन स्थितियों का फायदा उठाने की योजना बनायीं. उसने अपने सोने के सिक्के बिलकुल पिछली कहानी के घुड़सवार की तरह ब्याज पर उधार देने शुरू कर दिए, लेकिन कुछ समय बाद उसने पाया कि लोग कागज की रसीदों को इस्तेमाल करने के इतने आदी  हो चुके हैं कि वे सोने के सिक्के लेने की बजाय  उससे कहते कि  “भाई हमें तो सिर्फ रसीद लिख कर दे दो उसी से हमारा काम चल जायेगा.” फिर सुनार से रसीदें ही देनी शुरू कर दीं और यहीं से उसे एक और बात और सूझी. चूँकि अब लोगों को सोने के सिक्के नहीं सिर्फ रसीदें ही चाहिए थीं तो वह कितनी भी रसीदें लिख कर दे सकता था ! यहाँ तक कि उसके पास लोगों का जो सोना जमा था उसके बदले भी, (भले ही उन पर जमा कर्ताओं को वह पहले ही रसीदें दे चुका हो) और लोगों को यह कभी पता नहीं चल सकता था क्योंकि वे कभी भी एक साथ अपना सोना वापस लेने नहीं आने वाले थे; जिसकी मुख्या वजह थी की अब उन्हें सोने के सिक्कों की जरुरत भी नहीं रह गयी थी और उनका काम रसीदों से चल रहा था.  

अब सुनार अंधाधुंध कर्ज बांटने लगा,  उस पर ब्याज कमाने लगा और पहले से खूब अमीर हो गया. लोगों ने जब उसकी बढ़ती अमीरी देखी तो उन्हें शंका हुयी कि जरूर यह आदमी हमारा सोना खर्च कर अपने लिए ऐशोआराम जुटा रहा है और वे सब उसके पास पहुंचे और अपना-अपना सोना देखने की मांग की. इस पर सुनार पहले तो सकपकाया लेकिन फिर उसने अपनी तिजोरी खोल कर दिखा दी. लोगों ने पाया कि उनका सारा सोना वहां सुरक्षित था, क्योंकि कर्ज पर तो रसीदें ही दी गयी थीं, सोने के सिक्के नहीं.  इससे उनका विश्वास सुनार पर और मजबूत हो गया, क्योंकि यह दरियाफ्त करने का साधन उनके पास नहीं था कि सुनार के पास असल में कुल कितना सोना जमा है  और वह कितनी रसीदें लोगों को दे चुका है. लेकिन यहाँ लोगों ने अपनी समझ के हिसाब से चालाकी दिखाते हुए उससे मांग की कि बेशक उनका सोना सुरक्षित है और वे उसे वापस भी नहीं चाहते लेकिन आखिरकार सुनार उन्हीं जमा सोने के सिक्कों के बदले ही तो अमीर होने का चक्कर चलाये हुए है, इसलिए उन्हें भी इस आमदनी में हिस्सा चाहिए. जाहिर हैं की अब तक जनमानस में मुद्रा, ब्याज और मुनाफे की अवधारणा भली प्रकार विकसित हो चुकी थी.      

सुनार ने ब्याज की कमाई में हिस्सा देना स्वीकार कर लिया, और जितना ब्याज वह लेता था उससे कम करके लोगों को देना मंजूर कर लिया; और यह लोगों को जायज भी लगा और उन्होंने सहमति भी दे दी.  इस तरह से एक बैंकिंग व्यवस्था का सूत्रपात हो गया, और सुनार को और अधिक खुल कर खेलने का मौका मिला. 

इसमें मार्के की बात यह थी कि उसको ब्याज देना तो केवल जमा सोने पर ही पड़ता था लेकिन वह कर्ज में कितनी भी रसीदें काट सकता था क्योंकि उसको रोकने वाला तो कोई था ही नहीं! बस इसी बात का फायदा उठा कर उसने और जोर शोर से कर्ज बांटने शुरू किये क्योंकि लोगों के बीच बढती लालसा और लालच के अलावा सरल गणित के हिसाब से भी वस्तुओं के मुकाबले मुद्रा की कमी सदैव बनी ही रहती और वे रोज रोज कर्ज की मांग करते ही करते. इस तरह कर्ज बढ़ता ही गया, और इसको तरक्की समझा जाने लगा. सुनार का बैंक खूब फूलने और फैलने लगा, सुनार की इजारेदारी समाज के हर क्षेत्र में कायम हो गयी.

लेकिन असल जमा धन और मुद्रा की पुर्जेबाजी में झोल तो था ही और पोल कभी न कभी तो खुलनी ही थी सो खुली. सुनार की अंधाधुंध बढती अमीरी फिर लोगों से हजम नहीं हुयी और वे फिर सुनार के पास पहुंचे और इस बार अपने सोने की मांग की. सामान्य लोगों में कुछ खासे अमीर भी शामिल थे जिन्होंने बहुत बड़ी बड़ी राशियाँ जमा करायी थीं. इस बार सुनार की बिलकुल नहीं चली और उसके पास जो सोना निकला वह उसके द्वारा दी गयी रसीदों का दसवां हिस्सा भी न था. नतीजा यह हुआ की सुनार दिवालिया हो गया.

लेकिन यह इस कहानी का क्लाइमेक्स नहीं है..... असल पिक्चर अभी भी बाकी है...
लेकिन इस बीच लोगों ने बकौल ग़ालिब “कर्ज की मय” पीनी शुरू कर दी थी और उसके नशे में झूमने लगे थे. मतलब कि तकनीक का विस्तार होने लगा था, व्यापार फैलने लगा था. चीन से फारस और रोम तक. उसके बाद युरोप के लोग तरह तरह के समुद्री अभियान में संलग्न हो दुनिया के दूसरे छोरों तक कूच करने लगे थे, वास्तविक उपलब्ध धन के मुकाबले फर्जी करेंसी पर फैलती हुयी  अर्थव्यवस्था का जोर हो चला था और धन के बदले “विश्वास” और “वायदा” नामक तत्वों के बूते बड़े-बड़े आर्थिक खेल होने लगे थे. ऐसे माहौल में जब बहुतायत लोग एक दूसरे से लेन देन के वायदे में फंसे हुए हों और उन्होंने बड़े बड़े काम इसी बूते पर ठान रखे हों तो  व्यवस्था कितनी भी फर्जी हो उससे छुटकारा असंभव होता है.

और हुआ भी यही. एक सुनार दिवालिया जरुर हुआ लेकिन सभी सुनार नहीं हुए. जाहिर है कि इस दुनिया में अकेला वही तो नहीं था और इसकी देखा देखी औरों ने भी यह रास्ता अपनी अपनी बस्ती या शहर में अपनाया था और अमीर बन गए थे. पर हाँ, तो इतना जरूर हुआ कि सुनार के दिवालिया होते ही राजा भी चेत गया और उसने एक आपातकालीन सभा बुलाई. बहुत विचार विमर्श के बाद यही नतीजा निकला कि सुनारों के फैलाये इस जाल से निकलना मुश्किल ही नहीं नामुमकिन है तो क्यों न इस पर्चीबाजी को एक ही व्यवस्था बना दिया  जाए और इसे अर्थव्यवस्था के नाम से जाना जाए !  तय किया गया कि सुनारों को जमा सोने से एक निश्चित अनुपात में ही बढ़ कर रसीदें काटने की अनुमति होगी और उन्हें इस बारे में राज्य को बताना भी होगा. तब से यह व्यवस्था कानूनी जमा पहन कर मान्य हो गयी और सुनारों की कमाई से  राजा को भी टैक्स  के रूप में एक हिस्सा दिया जाने लगा.

इस तरह बैंक नामक संस्था का उदय हुआ और वे वास्तविक वस्तुओं और धन के मुकाबिल  उधार, वायदा, विश्वास जैसे तत्वों से बनी अर्थव्यवस्था के प्रमुख वाहक बन कर खड़े हो सके. अब आगे की बात ऐतिहासिक प्रमाणों के आधार पर करेंगे और आपको बताएँगे कि कैसे व्यापारी वर्ग बाकायदा गुट बनाकर राज्य पर हावी हुआ और विश्व के प्रमुख धनिकों ने सरकारों को अपने कब्जे में ले लिया जैसा आज हम अपनी खुली आँखों से देख रहे हैं.   

Wednesday, December 14, 2016

आधुनिक सभ्यता का चरम

दर्शक बनकर देखिये जरूर, लेकिन बुनियादी मानवीय मूल्यों को क्षरित न होने दीजिये. अपनी नैतिकता की रक्षा जरूर कीजिये. हर सभ्यता में मूल्यों और अकांक्षाओं का प्रवाह ऊपर से नीचे की ओर होता है, लेकिन हर सभ्यता के चरम काल में उच्चवर्ग सर्वथा नैतिकता विहीन और मूल्यरहित हो जाता है.
जो कुछ मैं ब्लॉग या फेसबुक पर लिखता हूँ वे सभी पूँजी के साजिशी इतिहास पर मेरी आने वाली पुस्तक से उद्धृत संक्षिप्त झलकियाँ हैं, इसलिए कभी-कभी विषयों का तारतम्य न मिले तो पोस्ट्स को आपस में जोड़ कर आप खुद ही असली कहानी तक पहुँच सकते हैं.
हो सकता है आपको मेरे लिखे में कभी घटिया जासूसी लेखकों जैसा भी कुछ लगे जो आसानी से यकीन करने लायक हो, तब भी अगर उसे, आप सत्ता के संघर्ष और लालच के खेल से जोड़ कर देखेंगे तो स्वाभाविक लगेगा. पोस्ट्स में विस्तार की एक सीमा होती है, बहुत बार, अलग लाग कारणों से सबूतों को अपलोड नहीं किया जा सकता, हाँ बाद में ब्लॉग में उपलब्ध करा दिया जायेगा.
पुस्तक पूरी होने में अभी साल भर से ऊपर का समय लग सकता है और जैसे-जैसे मैं इसके अलग-अलग अनुच्छेदों पर काम कर रहा हूँ मुझे लगने लगा है की सत्य वास्तव में कल्पना से भी विचित्र और नाकाबिले यकीन होता है. क्योंकि काल्पनिक कहानियाँ लिखते समय लेखक अपने झूठ में दुनिया का झूठ मिक्स करके ऐसा प्लाट रचता है जो असली जैसा लगे और जिस पर लोग आसानी से यकींन कर लें. लेकिन जब आप सच खोजने निकलेंगे तो आपको धुंध के पार देखना पड़ेगा.,,, और अक्सर जो दिखाई देगा वह सामान्य तो नहीं ही होगा, क्योंकि रोजमर्रा की जिंदगी में हमें अभिनय देखने की आदत हो गयी है.
सच को खोजते समय ध्यान रखना चाहिए कि हर प्रत्यक्ष घटना का एक नेपथ्य होता है, सामने स्टेज पर चल रहे अभिनय के पीछे, बैकस्टेज की गयी तैय्यारी और अभिनेताओं के असल रूप तक पहुँचना होता है, क्योंकि उद्योग, व्यापार, राजनीति और सामाजिक जीवन में लोग एक से एक अभिनय में विन्यस्त हैं और आपको पैसा वसूल टाइप का मनोरंजन दे रहे हैं. उनका उद्देश्य आपकी समझ को विभाजित करना, भटकाना, मूल्यों को प्रभावित करना और उसकी ब्रांडिंग करना है.
इसलिए दर्शक बनकर देखिये जरूर, लेकिन बुनियादी मानवीय मूल्यों को क्षरित न होने दीजिये. अपनी नैतिकता की रक्षा जरूर कीजिये. हर सभ्यता में मूल्यों और अकांक्षाओं का प्रवाह ऊपर से नीचे की ओर होता है, लेकिन हर सभ्यता के चरम काल में उच्चवर्ग सर्वथा नैतिकता विहीन और मूल्यरहित हो जाता है.
रोमन सभ्यता के पतन के समय भी यही हुआ था जो सब आज हो हो रहा है.
सभ्यताएं जब मिटती हैं तो बहुत सा कोलेटेरल डैमेज साथ होता है.
मत भूलिए कि डायनासोर मिट गए, काक्रोच अभी भी जिन्दा हैं, आगे भी रहेंगे और वे डायनासोर से ज्यादा पुराने हैं.
000
ऊपर अभी जो मैंने मानवीय मूल्यों के क्षरित न होने देने और और अपनी नैतिकता की रक्षा करने की बात आपसे की थी उसे समझाने का काम मुझसे अधिक अच्छी तरह से मेरे मित्र नीतीश के. एस. ने एक बहुत बढ़िया उदहारण देते हुए कर दिया है, आपको जरुर पढना और मानना चाहिए अपने को इंसान बनाये रखने में इससे आपको बहुत मदद मिलेगी---
कभी ग़ौर करियेगा, सड़क के कुत्ते कभी किसी लंगड़े या टूटी टांग वाले कुत्ते से लड़ते नहीं हैं। बल्कि वो उसके लिए खाने में एक हिस्सा छोड़ देते हैं। विकलांग गाय-बैल को आवारा बैल -सांड़ सींग नहीं मारते। कूड़ा घर में थोड़ा खिसक कर उसके लिए भी खाने की जगह बना देते हैं। बन्दर कभी भी चोट खाये बन्दर को किनारे नहीं रखते, बीच में रखते हैं। 
अब विकलांगों के बारे में इंसानों का नजरिया याद कीजिये। स्टेशन पर भीख मांगते हुए, चौराहे पर गंदे संदे हाल में पड़े हुए, अस्पतालों में लाचार ज़िन्दगी को कभी सामान्य नहीं माना। कभी अपने साथ भीड़ में शामिल नहीं करना चाहा। इसलिए नहीं कि हम उनकी परवाह करते है और उन्हें भीड़ की गति में ताल मिलाने में असुविधा होती, अतः उन्हें छांट दिया गया, बल्कि इसलिए की हम उन्हें घृणा की नज़र से देखते हैं। दान करना पुण्य का काम नहीं, पुण्य के लिए किया गया काम है। भीख भी उन्हें असामान्य मान कर उनके ज़रिये पुण्य कमाने की नीयत से दी जाती है। वरना कोई उन्हें सड़क तक पर न रहने दे। भेड़िये और लोमड़ियों में समूह के घायलों के लिए खाना ले कर आते हैं शिकार पर जाने वाले। शेर भी ऐसा ही करते हैं। हम विकलांगों को बस नया नाम दे देते हैं, आरक्षण दे देते हैं। बस वो सामान्यता नहीं दे पाते जिसकी उन्हें ज़रूरत है। आख़िर क्यों नहीं उनसे एक सामान्य इंसान की तरह बर्ताव कर पाते हैं हम? क्यों हमारे लिए किसी के हाथ-पांव उसके बर्ताव से अधिक महत्वपूर्ण हैं? क्यों हम उसको उतनी इज़्ज़त नहीं दे सकते जितनी किसी बिना अक्ल वाले तक को दे देते हैं? उन्हें हमारे बर्ताव में बदलाव की ज़रूरत है। हमारी भीख , हमारी मदद या सहानुभूति की नहीं। अगर हम ऐसा करते हैं तो विकलांग हम हैं वो नहीं।
000
अब इसी सन्दर्भ में Arya Guddu की यह कविता-- 
बेबकूफ आदमी या फिर अजीब आदमी
जैसी कोई चीज कहीं नहीं पायी जाती . दरअसल होता यह है कि कुछ लोग उम्मीद करते हैं दूसरों से कुछ ज्यादा धैर्य , कुछ ज्यादा ध्यान, कुछ ज्यादा उदारता और कुछ ज्यादा समझदारी की .

Sunday, December 11, 2016

आईडिया दमदार हो तो उससे चिपके रहो

छुट्टियों के दिन मेरी दोस्तों से जरा चिपक कर बातें होती हैं, मिलना न हुआ तो फोन ही सही. कल Dheeraj Singh मिल गए. डाक्टर हैं, मुंबई में रहते हैं, अस्पताल चलाने के साथ रियल एस्टेट और एजुकेशन में भी काम फैला रखा है. फिलहाल अपने गाँव देवरिया गए हुए है. खुद सर्दियों में धूप सेंकने और ठिठुरते हुए लोगों को कम्बल बांटने.

नोट-बंदी पर तो बात होनी ही थी. जाहिर है, काला धन हम दोनों ही के पास बहुत है.

बातों-बातों में वे अपनी कंपनी का पब्लिक इशू लाने के बारे बताने लगे. फिर बड़ा पैसा बनानेके बात चली जिस पर मैंने कहा, "ठाकुर साहब बड़ा बिजनेस करने के लिए बड़ा पैसा नहीं बड़ा आईडिया होना चाहिए." मैंने hotmail शुरू करने वाले समीर भाटिया से लेकर एप्पल, गूगल से लेकर payTM के विजय शेखर शर्मा तक के उदहारण दिए. जाहिर है इस लम्बी चर्चा में हम दोनों में से किसी का भी धेले का फायदा नहीं हुआ बल्कि vodafone ने जरूर सौ डेढ़ सौ रुपये कमाए.

स्टॉक ट्रेड में होने के नाते मेरी आँखे और दिमाग दुतरफा चलते हैं. दायें-बायें , ऊपर नीचे एक साथ देख लेता हूँ. समय पर सही निर्णय ही स्टॉक और कमोडिटी ट्रेड में कामयाब बनाता है. हो सकता है दिन में ऐसे कई निर्णय आपको तुरत फुरत में करने पड़ जायें---ऐसे मौके बहुत बारआते हैं. निर्णय-शक्ति का यह खेल कर सकना अब मेरे लिए साइकिल चलाने जैसा हो गया है. आदत हो गयी है कि बाजार की ही नहीं, जीवन की भी हर स्थिति के Pros और Cons एक साथ देखूँ .

इसलिए जब मैं धीरज को बड़ा पैसा कमाने के लिए बड़े आईडिया वाली बात बता रहा था तो मुझे अचानक Ronald Wayne याद आया.

Ronald Wayne को जीवन में सबसे बड़ा गलत निर्णय लेने के लिए जाना जाता है. कुछ लोग उन्हें दुनिया का सबसे unluckiest आदमी मानते हैं.

Ronald Wayne महाशय 1976 में एक सक्षम और प्रतिभावान इंजीनियर थे और अटारी नाम की गेमिंग कंपनी में अच्छे पद पर थे. जब स्टीव जॉब्स और स्टीव वोझ्नायक ने एप्पल पर काम करना शुरू किया तो ये उनके तीसरे भागीदार थे.
Ron Wayne is the man who won the lottery but lost the ticket.लेकिन स्टीव जॉब्स और स्टीव वोझ्नायक के सनक भरे प्रयोगों और डेस्कटॉप कम्प्यूटर के क्षेत्र में क्रांति लाने वाली बड़ी बड़ी बातों से ऊब कर अपने हिस्से के 800 डालर लेकर 1976 में ही अलग हो गए, हालाँकि बहुत थोड़े समय तक जो भी वे साथ थे, उन्होंने "Apple I" के प्रोटोटाइप के लिए अच्छी इंजीनियरिंग drawings बनायीं.

अब देखिये 1976 में उनके अलग होने के बाद एप्पल ने कैसा इतिहास रचा ! अपने शुरुआत के चार सालों में उससे जुड़े बहुत लोग करोडपति बन गए. हालाँकि 1995-98 के बीच एक दौर ऐसा भी आया था कि windows के सस्ते कम्प्यूटरों के दबदबे की वजह से एप्पल कंपनी काफी घाटे में आ चुकी थी, लेकिन यह भी सच है कि imac से स्टीव जॉब्स ने नयी पारी शुरू की और अपने नए design ideas के बूते आज फिर नम्बर वन ही हैसियत रखती है.

आज बिजनेस की दुनिया में मशहूर कहावत है "Ron Wayne is the man who won the lottery but lost the ticket."

आईडिया नया और दमदार होना चाहिए बाबू, फिर जो भी करो वह उपयोगी भी होगा और कमाऊ भी.

फिलहाल आप Ronald Wayne के दर्शन कीजिये--- अब और तब.

Saturday, December 10, 2016

मुद्रा के आविष्कार की अमर कहानी

कहानी काल्पनिक है, लेकिन क्या सच में ऐसा ही नहीं हुआ होगा?

एक बस्ती थी जिसमें करीब सौ लोग रहते थे.
कुछ अनाज उगाते, कुछ गाय-भेड पालते, कुछ मछलियाँ पकड़ते, कुछ कपडे बुनते-सीते, कुछ लकड़ी और लोहे का काम करके तरह-तरह की चीजें बनाते.
अपनी जरूरत की चीजें आपस में अदल-बदल कर काम चलाते.
लेकिन कभी-कभी कुछ दिक्कत आ जाती थी, जैसे जब किसी को जरूरत है कपडे की और उसके पास बदले में देने के लिए अनाज है लेकिन जिसके पास कपडा है उसे अंडे चाहिए.
अब इससे भी लोग जैसे तैसे निपट लेते थे जैसे कि पहले कपडे वाला अंडे वाले से अदला बदली करे फिर अनाज वाला अंडे वाले के पास जाकर कपडा ले आये.
चूंकि सब अदला-बदली ही करते थे इसलिए सबके पास कुछ न कुछ हर चीज पहुँच ही जाती थी और थोडा बहुत लोग जरूरत के हिसाब से भण्डारण भी कर लेते थे. लेकिन फिर भी इच्छित वस्तुओं को खोजने में उन्हें मशक्कत तो करनी ही पड़ती थी.

000

एक दिन उस बस्ती में कोई एक बाहरी घुड़सवार आया.
उसने बस्ती के लोगों को समझाया-- "ये जो चीजों की अदला बदली में तुम्हें थोड़ी दिक्कत होती है उसका उपाय मेरे पास है." ---यह कहकर उसने हर बस्ती वाले को दस-दस छोटे पत्थर के टुकड़े दिए जिस पर एक ख़ास चिन्ह बना हुआ था और कहा कि जब भी तुम्हे कुछ चाहिये हो, चीजों को चीजों से नहीं इन टुकड़ों से बदलो.
लेकिन इसी के साथ उसने एक शर्त सुनाई. और कहा-- "मैं एक साल बाद लौटूंगा. और जब मैं लौटूंगा तो मुझे हर व्यक्ति दे दस के बदले ग्यारह पत्थर चाहिए.... पुराने पत्थर वापस लेकर दुबारा सबको एक साल के लिए दस-दस नए टुकड़े दे दिए जायेंगे और जो ग्यारह पत्थर नहीं दे सकेगा उसे अपनी संपत्ति का एक निश्चित हिस्सा मुझे देना पड़ेगा."
अपनी रोजमर्रा की परेशानी का फौरी हल निकलते पाकर लोग उसकी शर्त मान गये और घुडसवार चला गया. लोग अपने काम में लग गए.

000

लोग अपने काम में लगे रहे, खाते-पीते, गाते, बजाते, नाचते उत्सव मनाते--जीवन सामान्य ढंग से चल रहा था. इसी तरह से साल पूरा होने को आ गया और घुड़सवार के वापस आने का भी समय हो हो गया और दस की जगह ग्यारह टुकड़े वापस करने का भी.
लेकिन लोगों पाया कि उनमे से सभी के पास ग्यारह टुकड़े तो है नहीं.. अदला बदली में कुछ के पास ज्यादा पहुँच गये हैं कुछ के पास कम रह गए हैं.
.. वैसे तो ग्यारह पत्थर हर के पास होने संभव भी नहीं थे क्योंकि हर एक को दिए तो दस ही गए थे ग्यारह कहाँ से आते?
अब जिनके पास पत्थर कम रह गए थे चुकाना तो उन्हें भी था इसलिए उन्होंने अपनी चीजों के बदले में ग्राहक से अधिक टुकड़े मांगने शुरू कर दिए.
यानि वस्तुओं के दाम बढा दिए.
फिर भी साल के अंत में,
किसी भी गणित से
हर बस्ती वाले के पास ग्यारह टुकड़े तो आ नहीं सकते थे,
क्योंकि वे तो कुल उतने ही थे
जितने कि घुड़सवार ने उन सब में बांटे थे .
नतीजा यह हुआ कि वायदे के मुताबिक जो सिक्के वापस नहीं कर सका उसे अपनी संपत्ति में से कुछ न कुछ उस घुडसवार को देना पड़ा.

000

इस तरह, जो घुड़सवार पहले केवल पत्थर के कुछ चिन्हित टुकड़ों का मालिक था
साल भर में बस्ती की कुछ सम्पत्तियों का मालिक बन गया .
क्योंकि पूरे पत्थर न चुकाने की यवज में लोगों के पास से उनकी सम्पत्तियाँ घुड़सवार के पास चली गयीं थीं.
इस तरह समय बीतता रहा और लोग अपनी सम्पत्तियां गँवा कर, दूसरी गतिविधिया कम करके, टूकडे इकठ्ठा करने की होड़ में लग गए.
अब जिनके पास अधिक टुकड़े संग्रहीत होते वे अमीर और जिनके पास कम
हो पाते वे गरीब कहलाये जाने लगे. अब साल भर लोगों में पत्थर के उन टुकड़ों को संग्रह करने की होड़ भी लगने लग गयी .

000

यही है चिन्हों यानि मुद्रा के संपत्ति में आसानी से बदल जानी की कहानी .
मुद्रा धन नहीं है लेकिन उसे धन समझ लिया गया है......
हमारे उपयोग की वस्तुएं और प्राकृतिक संसाधन ही वास्तव में धन है..
जरा इसी पैटर्न पर अपने चारों तरफ हो रही व्यापारिक गतिविधियों और संसाधनों की लूट और बैंकिंग व्यवस्था को देखिये और सोचिये .... क्या समझ में आता है ?
और अब उससे आगे ..................

000

दूसरे साल के शुरू होते-होते बस्ती में नयी तरह की खलबली सी मचने लग गयी और सहज जीवन व्यवस्था में कई दिलचस्प परिवर्तन होने लगे.
अचानक ही पत्थर के उन चिन्हित टुकड़ों को हर कोई चाहने लगा था. उन्हें वास्तिवक जीवनोपयोगी वस्तुओं से अधिक प्यार करने लगा था.
लोगों में यह बोध और मान्यता पैदा होने लग गयी कि यदि आपके पास ये टुकड़े हैं तो आप कुछ भी उनके बदले हासिल कर सकते हैं. आपको अनाज उगाने, जानवर पालने, मछली पकड़ने या फिर कपडे बुनने की जरूरत नहीं; यदि आपके पास वे टुकड़े पर्याप्त हैं तो उनके बदले आप कोई भी चीज ले सकते हैं. इसलिए उन्हें इकठ्ठा करने के लिए हर कोई लालायित रहने लगा था.
जहां पहले हर व्यक्ति श्रम करके अपनी जरूरत की चीजें बनता या पैदा करता था वहीँ अब काम करने वालों की संख्या घटने लगी. नतीजतन चीजों का उत्पादन भी घटने लगा. इससे मांग और बढी और स्वाभाविक था कि जिनके पास वस्तुएं थीं उन्होंने दाम भी बढ़ा दिए.
इधर जिनकी संपत्ति का कुछ हिस्सा जा चुका था, उनकी भी उत्पादन क्षमता अब कम होने लग गयी थी.

000

इस बार घुडसवार साल ख़त्म होने के पहले ही आया, और भी बहुत सारे चिन्हित पत्थर के टुकड़े लेकर और बस्ती वालों से बोला कि आपलोगों की परेशानी मुझसे देखी नहीं जाती ....तो ऐसा करो कि जिनके पास भी पत्थर कम पड रहे हों, वह मुझसे और ले ले और साल नही दो साल तीन या पांच साल बाद मुझे उसी पुराने हिसाब से बढा कर वापस कर दे.
फिर यह बात लोगों को जंच गयी और जिनके पास पत्थर कम हो गए थे या ख़त्म हो गए थे उन्होंने अपनी जमीन या घर की जमानत पर और टूकडे हासिल कर लिए.
अब चूँकि उत्पादन में पत्थरों की कोई सक्रिय भागीदारी तो थी नहीं और न ही वे किसी और इस्तेमाल में आ सकते थे इसलिए बस्ती के कुल उत्पादन पर केवल उतना ही असर पड़ा जितना अधिक लोग काम कर पाए.
लोगों ने अपने आराम और मनोरंजन के समय में कटौती की और काम का समय बढाया. इससे उनकी पारिवारिक और सामुदायिक जिंदगियां प्रभावित होनी शुरू हुयीं, और वे पहले की अपेक्षाकृत कम प्रसन्न रहने लगे, लेकिन उन्होंने फिर भी परवाह न की क्योंकि उनपर उत्पादन और विक्रय करके दिए समय के ख़त्म होने के पहले अधिक टुकड़े जमा करने का दबाव काम कर रहा था.

000

इस तरह से विनिमय और उत्पादन के असंतुलन के चलते, अपना कर्ज चुकाने की प्रक्रिया में, कुछ साल बाद बस्ती में से कई लोगों के पास संपत्ति शून्य हो गयी, क्योंकि वे उसे घुड़सवार को दे चुके थे.
अब उनके पास बची थी तो केवल मेहनत कर सकने की शारीरिक क्षमता. फिर भी पत्थर के टुकड़ों की जरूरत कायम थी. इसलिए अब ये संपत्ति गँवा चुके लोग इनके बदले कुछ भी करने को तैयार थे.
इधर एक बाहरी घुडसवार के पास---जो कुछ भी लेकर बस्ती में लेकर नहीं आया था, सिवा पत्थर के कुछ चिन्हित टुकड़ों के-- संपत्ति जमा हो गयी और काम करने के लिए मजदूर भी उपलब्ध हो गए थे--जो पहले की व्यवस्था में नहीं थे.

000

अब घुड़सवार बस्ती में ही रहने लगा. जब्त की गयी संपत्तियों पर अपने पत्थर के टुकड़ों के बदले लोगों से काम लेने लगा और उत्पादन भी करने लगा.
उसके पास अब गाँव के किसी भी परिवार से अधिक संपत्ति थी. वस्तुओं की सप्लाई पर उसी का नियंत्रण था. मजदूरों की जिंदगियों पर भी.
यानि पूँजी, श्रम, शोषण और गुलामी का पहले अध्याय लिखा जा चुका था.

जीवन में अर्थ: प्रेम की अनुपस्थिति, ऋण की अवधारणा, युद्ध और आर्थिकी

कहा जाता है कि जब तक जीवन है प्रेम और युद्ध जारी रहेंगे. 
दिन-रात, अच्छाई-बुराई, अँधेरे-उजाले की तरह ! 
मेरा मनना है कि यह सब कुछ ऐसे शुरू हुआ होगा

जिन्दा रहने और प्यार पाने के लिए आदमी जन्म से ही लड़ता रहा है ! 
बाकी वजहें सभ्यता के विकास के साथ इसी जमीन पर पनपती चली गयीं.
प्यार से महरूम लोग ही सत्ता हासिल करने की तरफ मुड़े और हर उस चीज पर काबिज होने के लिए दूसरे लोगों से लड़े, जो सत्ता का प्रतिनिधित्व करती थी. मेरी नजर में यहाँ भी उनका अंतिम लक्ष्य प्यार और स्वीकार पाना ही था; जो शायद पहले हासिल होता तो वे किसी तरह की लडाई में उतरते ही नहीं.
प्रेम की कमी से पैदा हुई संघर्ष की आदिम चिंगारी अब तो पूरी मानवता ही लील चुकी है, और यह आग धधकती रहे इसके वाजिब इंतजाम करने में हमारे चारों ओर सदियों कोशिशें होती भी रही हैं.
कितनी तसल्ली की बात है कि शान्ति और प्रेम की दुनिया अब मरीचिका लगने लगी है ...बाहर युद्ध जारी है ... स्थापित सत्ताओं के केंद्र ही नहीं, बल्कि हम सब भी शक्ति के अश्लील प्रदर्शन में व्यस्त हो रहे है ;जिसका अंतर्पाठ है कि " तू मुझसे कमतर है इसलिए मुझ जैसा बन या मेरे सामने झुक"
प्रेम का दरिया सूखने लगा है....उसी अनुपात में युद्ध की आग बढ़ चढ़ कर धधक रही है
.......लेकिन युद्ध का यह चरण कानफोडू धमाकों और चीखों के आर्तनाद का नहीं, बल्कि सर्वथा ध्वनिविहीन और अधिक मारक है .... जिसमे कहीं कहीं तो हम आगे बढ़ कर मृत्यु का स्वयं ही वरण कर रहे है, जैसे कि उससे ही हमें मुक्ति मिलने वाली हो !
ध्यान रहे युद्ध मुक्त नहीं करता .... वह केवल दो चीजें पैदा करता है:---
एक विजेता और दूसरा गुलाम !!

000 

प्रेम और ख़ुशी के घर में रहने वाले लोग कभी महलों की इच्छा नहीं करते. जिन्हें जीवन में भरपूर प्यार मिला हो और उन्होंने बांटा भी हो, उन्हें किसी भी तरह की सत्ता की भूख महसूस ही नहीं होगी.
भारतीय उपमहाद्वीप शुरू से इस मामले बहुत भाग्यशाली रहा है कि यहाँ दर्जन भर से ऊपर climatic zones हैं और हर तरह की प्राकृतिक सम्पदा के साथ मनुष्य के जीवन को आसान और सुखमय बनाने के साधनों की प्रचुरता रही है.
प्राकृतिक रूप से युरोप इतना भाग्यशाली नहीं रहा. वहां मनुष्य को जलवायु के चलते जीने मात्र के लिए सदा कठिन संघर्ष करना पड़ा, हालाँकि उसी के चलते उनमे नई खोजों और उद्योगों के विकास की वृत्ति पनपी. उद्योग जो शुरू तो मानव जीवन को आसान बनाने के लिए किये गए लेकिन बाद में युद्ध के उपकरण के तौर पर इस्तेमाल किये जाने लगे. इसीलिए यह धारणा भी कि मनुष्य के मूल में पाशविक वृत्तियाँ है और युद्ध करना उसका स्वाभाव है, यूरोपीय चिंतकों की ही देन है.
मशीनों की खोज और उद्योगों का विकास वैसे तो जीवन को आसान बनाने के लिए हुआ, जिसमे अपेक्षाकृत कम श्रम से अधिक वस्तुएं निर्मित की जा सकें, लेकिन नियंत्रण के अभाव ने इस व्यवस्था में एक भारी खोट पैदा कर दिया .
वह खोट यह था कि उत्पादन समाज के तात्कालिक उपभोग से बहुत अधिक होने लगा और उसे खपाना, उद्योग की निरंतर चलाये रखने के लिए एक आवश्यक शर्त बन गयी. यह सभ्यता में व्यापर और व्यापार-विनिमय में मुद्रा के चलन के बहुत बाद की बात है.
मनुष्य में कर्ज की अवधारणा के विकास के साथ ही मुद्रा का आविष्कार किया गया जिसने विनिमय को बहुत आसान बना दिया और उसकी गति भी तेज की. लेकिन बाद में, इसमें भी एक भारी खोट पैदा कर दिया गया. यह खोट उसे जारी करने वाले और उत्पादक श्रम से दूर रहने वाले एक वर्ग ने किया, जो चालाक और परजीवी था.
प्रेम से वंचित व्यक्ति, सत्ता और स्वीकार के लिए युध्दरत व्यक्ति, उत्पादन में सक्रिय भागीदारी न ले सकने की वजह से परजीवी ही होता है.
ऐसे परजीवी व्यक्तियों और समूहों ने ही समय के साथ मुद्रा के संवर्धन का नियम बनाया (जिसे आप ब्याज कह सकते हैं) और जरूरतमंद समूहों पर उसे आरम्भ में तो छल के माध्यम से, लेकिन बाद में ताकत के माध्यम से, उसे लागू किया.
आधुनिक सभ्यता के मूल में आये यही दो खोट बाद में कई तरह के असंतुलन का कारण बने जिन्होंने मनुष्य के दैनिक कार्य व्यापार को प्रभावित किया और कई तरह के युद्धों को जन्म दिया.
पहला-- बढ़ते उत्पादन को खपाने की चुनौती.
दूसरा --मुद्रा के कर्ज पर व्याज की अवधारणा के चलते उत्पन्न होने वाली कमी.
मौजूदा सभ्यता की हर समस्या इन्ही दो विसंगतियों की देन है.
दूसरी विसंगति को समझने के लिए इस पोस्ट के साथ-साथ ही जारी नीचे दिये गये लिंक में एक उदहारण पढना आवश्यक होगा जिससे आप वस्तु उत्पादन, मुद्रा, व्यापर और बैंकिंग के कील-पेंच आसानी से समझ आ जायेंगे.

000

जिस तरह प्यार की कमी विग्रह और युद्ध को जन्म देती है, उसी तरह दैनंदिन मानवीय गतिविधियों में लगातार असफल होता आदमी परजीवी बनने की ओर मुड जाता है.
नतीजतन प्यार पाने और मानवीय कार्य-व्यापार में असफल आदमी युद्ध करने और गुलाम बनाने की तरकीबें करने लगता है.
इसी तरह सामाजिक पटल पर प्रेम के अभाव ने कर्ज की अवधारणा को जन्म दिया, जब किसी तरह की मानवीय सहायता या वस्तुओं के आदान प्रदान का लोग, लेखा-जोखा रखने लगे.
-----------------------------------------
1. कर्ज की अवधारणा
2. अनियंत्रित उत्पादन को खपाने की चुनौती.
3. मुद्रा के कर्ज पर व्याज की अवधारणा
इन तीन चीजों ने मिल कर, और निरंतर अनियंत्रित रहकर, मनुष्य के जीवन की दिशा बदल दी जिसे आज तक हम मोड़ नहीं सके है और निरंतर बढ़ते तकनीकी संजाल के चलते अब तो नियंत्रित भी नहीं कर सकते.
स्वतन्त्रता के मूढ़ पैरोकार नियंत्रण को ही स्वतन्त्रता का विलोम मानते है और यह नहीं समझते कि स्वतन्त्रता कोई अब्सोल्युट वैल्यू नहीं बल्कि बहुत से तत्वों पर निर्भर एक सापेक्ष धारणा है. आपकी स्वतन्त्रता तभी तक कायम रह सकती है जब तक की वह किसी दूसरे व्यक्ति की स्वतन्त्रता में बाधा न पहुंचाए.
नियंत्रण जरूरी है सभी मानव कर्म और वृत्तियों पर.
आखिर मनुष्य भी प्रकृति का ही एक अंग है और गौर से देखिये तो प्रकृति की संरचना में खुद ही स्व-नियंत्रण के उपादान मौजूद हैं और वह अपनी विसंगतियों को एक चक्रीय व्यवस्था के तहत नियंत्रित करती रहती है.
आज जो विसंगतियाँ हमें अपने समाज और जीवन में दिख रही हैं वे इसीलिए इतनी विकराल है क्योंकि हममें, उन्हें उनके आरम्भ में पहचानने की चेतना भी नहीं थी कि हम उन्हें नियंत्रित करने के कुछ उपाय करते.
और आज हम पूरी तरह से इन विसंगतियों की गिरफ्त में है और प्रेम से वंचित तथा परजीवी वर्ग पूरी तरह से हमारी सभ्यता पर काबिज है.
इस हद तक कि शक्ति का प्रदर्शन और प्रयोग, युद्ध में विजय और मनुष्य को गुलाम (नौकर) बनाना भी नैतिक मान लिया गया है.
यही नहीं,हर बड़ी और शक्तिशाली व्यवस्था अपने से छोटी व्यवस्था को लील लेना चाहती है और इसे नैतिक ही नहीं कानूनी मान्यता भी प्राप्त है.

000

जनाब अगर ध्यान से देखिए तो समझ आ जायेगा
कि जीवन में प्यार और सफलता ही दुखों का मूल है :)
मैं कोई अध्यात्मिक बात नहीं कर रहा ठोस भौतिक और आर्थिक जगत की बात कर रहा हूँ, क्योंकि अध्यात्म के सहारे भी मानवता का कल्याण करने निकले लोग आखिरकार अपने भौतिक कल्याण में व्यस्त होकर आर्थिक शक्ति बन जाते हैं और उसके बाद राजनीतिक शक्तियों को भी उदरस्थ करने को तत्पर रहते हैं; तो क्यों न हम लोग आर्थिक मोर्चे की ही चर्चा में व्यस्त रहैं और पहले इसे ही बारीकी से समझें?
आखिरकार यही तो खुदा का दर है और सबको घूम फिर कर, लौट कर यहीं आना है, अपने-अपने ढकोसले और झंझट छोड़ कर. दूसरे लोक में स्वर्ग का दरवाजा खोलने वाले चित्रगुप्त भी हमारे कर्मों की "बैलेंस शीट" ही तो बनाते हैं !
तो बात यह थी कि प्यार और सफलता ही दुखों का मूल है--जिसके अभाव में मनुष्य क्रूर और परजीवी बनकर, समाज से कट कर उसके विरुद्ध हो जाता है, और वापस उसे जीत कर उन्हीं लोगों के बीच अपनी क्षमता को सिद्ध करने का प्रयास करने लगता है, जहाँ से उसे अस्वीकार और असफलता मिली थी.
जब कि प्यार और स्वीकार मिलते रहने से मनुष्य असफलता का दंश भूल कर वापस सामान्य जीवन में लौट सकता है.
जीवन के कार्य-व्यापार में श्रम के बाद मूल आवश्यकताओं की सहजता से पूर्ति और प्रेम की उपस्थिति जीवन में सकारात्मक स्पंदन बनाये रखती है.
लेकिन ऐसा हुआ नहीं, हमने असफल हुए लोगों अस्वीकार किया और उन्हें सहज प्रेम और सहयोग से जोड़े रखने के स्थान पर दिए गये सहयोग की मात्रा और मूल्य निर्धारित किये
तभी ऋण का आविष्कार हुआ और हमारी विकास यात्रा की दिशा बदल गई.
दरअसल ऋण ही हमारी आर्थिक दुनिया की सबसे पहली खोज है और मुद्रा दूसरी!


000 


यह, आगे आने वाली कहानी की पूर्व पीठिका का अंतिम पैराग्राफ है.
जरा अपनी आर्थिक दुनिया के विकास की सीढ़ियों को परखिये---
1. समाज में प्रेम, समावेशी वृत्ति की कमी और सामुदायिक विग्रह की शुरुआत
2. ऋण की अवधारणा का जन्म
3. विनिमय में आसानी के बहाने मुद्रा की खोज
4. समुदाय से विरत मनुष्यों द्वारा समुदाय के विरुध्द संघर्ष
5. परजीवियों द्वारा मौद्रिक ऋण पर व्याज की अवधारणा का जन्म
6. श्रम से असफल और समुदाय से विरत मनुष्यों द्वारा उपकरणों की खोज
7. मशीनों का विकास और मांग से अधिक उत्पादन में बढोत्तरी
8. अनियंत्रित उत्पादन और उसको खपाने की चुनौती.
9. मुद्रा आधारित विनिमय में अनावश्यक तेजी और बाजार का विकास
10. नए खपत क्षेत्रों और बाजारों की खोज का आरम्भ
यहाँ तक आते आते यूरोप के लोगों ने नयी दुनिया की खोज शुरू कर दी थी क्योंकि उनकी मशीनों का उत्पादन उनके बाजार की मांग से अधिक होने लगा था
हालाँकि इसके पहले चीन और भारत से यूरोप का व्यापार था लेकिन वह वास्तविक मांगों पर आधारित था.
परन्तु यूरोप में नित नयी मशीनों की खोज के चलते उत्पादन में आई भारी बढोत्तरी को खपाने की चुनौती उत्त्पन्न हुयी जिसको संघर्ष के माध्यम से अंजाम देते हुए व्यापार की दिशा मोड दी गयी जो आज तक कायम है.
अब इसके बाद हम अपनी कहानी उन्नीसवीं शताब्दी के मध्य से शुरू करेंगे, जब यूरोप एशिया और अफ्रीका में अपने उत्पादों को खपाने और यहाँ से प्राकृतिक सम्पदा को लूटने के खूनी खेल में व्यस्त था

इनकम, इनकमटैक्स और हमारा पोपट


दुनिया में सिर्फ दो तरह के लोग बसते है :
एक जो पैसे के लिए काम करते हैं। 
दूसरे जो अपने पैसे से काम लेते हैं।

आप कारीगर हैं, किसान हैं, मिल या फैक्ट्री के मजदूर हैं, अध्यापक हैं, बुद्धिजीवी हैं, पेंटर हैं, कलाकार हैं, सरकारी,अर्ध सरकारी या निजी उपक्रम में कर्मचारी हैं, 
तो जाहिर है आप पैसे के लिए काम कर रहे हैं। 

यदि आप व्यापारी हैं या उद्योगपति हैं तो स्पष्ट है की आप अपने पैसे से काम ले रहे हैं।

आप सभी अपनी आय के अनुसार सरकार को इनकमटैक्स भी देते हैं।
अब सिर्फ ये समझना बाकी है कि इनकम टैक्स की व्यवस्था किस तरह उन लोगों के पक्ष में झुकी हुयी है कि जो अपने पैसे से काम लेते हैं
और उनका पोपट कैसे बन गया जो पैसे के लिए काम करते हैं।

अब थोड़ा इनकम टैक्स की पृष्ठभूमि में चलते हैं। 

इनकमटैक्स ही नहीं किसी भी टैक्स की ईजाद राज्य द्वारा प्रत्यक्ष अपने खर्चे चलाने के लिए की गयी परन्तु ऐसा करते हुए इस बात का ध्यान रखा गया कि इसका बोझ उनके ऊपर न पड़े जो आर्थिक रूप से सक्षम नहीं हैं, इसीलिए टैक्स वसूली की जद में सामान्य रूप से धनिकों को ही रखने का प्रचलन रहा।

प्राचीन रोम में केवल संपत्ति कर लिया जाता था जो कि संपत्ति (भूमि, भवन, पशुधन, गुलामो की संख्या, मूल्यवान वस्तुओं और नकदी) की कुल मूल्य का १ % वार्षिक होता था, लेकिन युद्ध के दिनों में बढ़ा कर ३% तक कर दिया जाता था। इसके अलावा दसवीं शताब्दी के चीन में 'सिन' साम्राज्य के 'वैंग मैंग' नामक सम्राट ने १०% वार्षिक तक का टैक्स लगाया लेकिन वह मात्र १३ साल चल पाया और उसके बाद आने वाले 'हान' साम्राज्य में फिर से पुरानी टैक्स दर लागू कर दी गयी। परन्तु इनकमटैक्स सबसे पहले लागू किया गया ११८८ के इंग्लॅण्ड में, तीसरे क्रूसेड के खर्चे पूरे करने के लिए, जब हर खासो-आम से उसकी चल संपत्ति और नकदी का १०% वसूला गया।

इसके बाद में १७९८ के दौरान ग्रेट ब्रिटेन में ब्रिस्टल के डीन के सुझाव पर प्रधानमंत्री विलियम पिट ने प्रति पौंड २ पेन्स (तब १२० पेन्स का एक पौंड होता था) का इनकम टैक्स लगाया जिसका मकसद फ़्रांसीसी क्रांति से उपजे युद्ध के लिए हथियार खरीदना था। यही पर पिट ने ही सर्वप्रथम बढ़ती हुयी आय पर बढ़ी दरों से टैक्स वसूलने के प्रथा शुरू की। उसके समय ६० पौंड (अबके लगभग ६००० पौंड) के ऊपर की आय वालों से २ शिलिंग प्रति पौंड की दर से टैक्स लिया गया जो लगभग १०% बैठता है। हालाँकि यह टैक्स १८०१ में ख़त्म किया गया, फिर १८०३ में हेनरी अड्डिंग्टन द्वारा शुरू किया गया जो १८१६ में फिर खत्म किया गया। 

इनकम टैक्स की विधिवत शुरुआत १८४२ के इनकम टैक्स एक्ट से हो सकी जो कि बढ़ती हुयी आय पर बढ़ी दरों वाले हेनरी अड्डिंग्टन माडल पर ही आधारित थी। हालाँकि उस समय इसका विरोध भी हुआ लेकिन धीरे-धीरे १८६१ तक इनकम टैक्स वहां की टैक्स व्यवस्था का अंग बन गया। 

अमेरिका में भी इसी दौरान सरकार ने इनकम टैक्स लागू किया जो कि १९१३ के संशोधन के बाद वहां भी स्थायी हो गया।
इस छोटे से विवरण से यह तो स्पष्ट है ही कि राज्य द्वारा युध्द या दूसरे आकस्मिक खर्चों को पूरा करने के लिए लगाये गए इनकम टैक्स की अवधारणा ने अंततः स्थायी रूप ले लिया, लेकिन फिर भी मूल रूप से यह टैक्स धनिक वर्ग से ही वसूला जाता था, जिनमें वही लोग होते थे जो वहुधा अपने पैसों से काम लेते थे, न कि पैसों के लिया काम करते थे। अब देखिये कि इस व्यवस्था का पोपट कैसे बना ----

लेकिन इसके पहले जरा उनकी भी पड़ताल कर ली जाये की जो अपने पैसे से काम लेते हैं। सन १६०० तक शुद्ध और मुक्त व्यावसायिक कंपनियां नहीं होती थीं। यूरोप के कुछ देशों ने अपनी अपनी संसद के चार्टर से चंद लुटेरी कंपनियां बना रखी थीं जिनका काम दूसरे मुल्कों में जाना, व्यापारिक समझौते या युद्ध के माध्यम से उनकी संपत्ति हड़पना ही होता था, ईस्ट इंडिया कंपनी भी उनमे एक थी जिसने प्लासी की लड़ाई के बाद से भारत पर अधिपत्य जमाया। उस समय भी कंपनियों में सरकार की कोई सीधी आर्थिक भागीदारी नहीं होती थी लेकिन परोक्ष रूप से उन पर सरकार का पूर्ण नियंत्रण रहता था।

विस्तृत इतिहास में न जाते हुए केवल इतना बताना प्रासंगिक होगा कि धनिक वर्ग शुरू से राज्य सत्ता का सहयोगी तो रहा है लेकिन राज्य सदैव उसे नियंत्रण में भी रखता रहा है, जिससे एक तनावपूर्ण संतुलन सदैव बना रहता था ...और इसी संतुलन की वजह से देशों की आतंरिक आर्थिक प्रगति भी संभव हो सकी। ग्लेडस्टोन के ज़माने में १८४४ में आये कानून के माध्यम से ही आधुनिक व्यापारिक प्रतिष्ठानो का गठन संवैधानिक रूप से संभव हुआ। अमरीका में भी यह प्रक्रिया सबसे पहले न्यू जर्सी में १८९६ में शुरू हुयी। इसके बाद हुए अनेक कानूनी परिवर्तनों के माध्यम से हिस्सेदारी के स्वरूप तय किये गए और कंपनियों को स्वतन्त्र वित्तीय इकाई के रूप में प्रतिष्ठा मिली ।

इसके बाद लगभग आधे दशक तक कम्पनियाँ बनी, शेयर निर्धारण के तौर तरीके, उनके बाजार विकसित हुए और साथ ही विकसितहुए विविध मैन्युफैक्चरिंग उद्योग, जिसके बल पर चारों और तमाम नयी-नयी वस्तुओं के ढेर लग गए और हम अपने को अत्यंत प्रगतिशील समझने लगे । वस्तुतः हमारी प्रगतिशीलता विचारों से फिसल कर वस्तुओं में केंद्रित होने लगी थी । इसके बाद १९५० के दशक में सरकार पर कंपनियों पर से नियंत्रण कम करने के लिए दबाव की मुहीम शुरू हुयी, और सफल भी हुयी जिसकी चर्चा हम अर्थसत्ता-१ व २ में कर चुके हैं।

यूरोप में औद्योगिक विकास के साथ ही गरीब-अमीर के बीच की खाई बढ़नी शुरू हो गयी थी और उसी के साथ विकसित हुयी कल्याणकारी राज्य की अवधारणा, जिसमे राज्यसत्ता ने, टैक्स द्वारा प्राप्त धन को गरीबों और निर्बलों की स्थिति सुधारने में भी व्यय करने की योजना बनायी और इनकम टैक्स बढ़ती आय पर बढ़ती दर के हिसाब से ही लगाया, जो सर्वथा न्याय सांगत जान पड़ता था, और वास्तव में था भी।

इसी के साथ उन लोगो ने ---जो पैसे से काम लेते हैं, अपनी हैसियत के अनुसार, छोटी बड़ी कम्पनियाँ बनानी शुरू कर दीं। अत्यंत छोटी हैसियत की मालिकाना हक़ वाली कम्पनियाँ भी खूब बनी। साथ में आय को पारिभाषित करने का फार्मूला ऐसा विकसित हुआ जो कि 'पैसे से काम लेने' वालों के हक़ में था; और वही आज भी लागू है।

फर्क यही से शुरू होता है----- किसी कंपनी की आय, उसे प्राप्त कुल व्यापारिक भुगतान में से सारे खर्चे काट कर बची हुयी राशि को माना जाता है, जब कि किसी व्यक्ति को उसके श्रम के बदले मिले हुए सकल भुगतान को। अब टैक्स का निर्धारण तो आय पर ही होना है।

नतीजा---
आज हर वेतन भोगी पैसे कमाता है, पहले टैक्स अदा करता है उसके बाद खर्च कर पाता है। 
जब कि हर व्यवसायी पैसे कमाता है, पहले जी भर खर्च करता है,खर्च के वाउचर जमा करता है फिर बचे हुयी राशि पर टैक्स अदा करता है ।
यानि की जो कर व्यवस्था सामान्य और निम्न वर्ग की स्थिति सुधारने के लिए बनायी गयी थी वह उन्ही की आय में कटौती का वायस बन रही है, जब कि व्यावसायिक वर्ग/धनिक वर्ग के जीवन यापन के स्तर पर इसका तनिक भी प्रभाव नहीं है।
हो गया न हमारा पोपट !
अब इसमें बढ़ती मुद्रा स्फीति के अनुपात में टैक्स स्लैब का न बढाया जाना और कोढ़ में खाज का काम करता है।